Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Punjab News: सुंदर शाम अरोड़ा आप सरकार में गिरफ्तार होने वाले तीसरे पूर्व मंत्री और पहले भाजपा नेता

    By Sunil Kumar JhaEdited By:
    Updated: Sun, 16 Oct 2022 05:54 PM (IST)

    Sunder Sham Arora सुंदर शा‍म अरोड़ा पंजाब के तीसरे पूर्व मंत्री और कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने वाले नेता हैंैजिन्‍हें भगवंत मान सरकार के समय गिरफ्तार किया गया है। बताया जाता है कि कई और पूर्व मंत्री विजिलेंस के निशाने पर हैं।

    Hero Image
    पंजाब के पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा , साधू सिंह धर्मसाेत और भारत भूषण आशु। (फाइल फाेटो)

    जेएनएन, चंडीगढ़। Sunder Shan Arora Arrest: सुंदर शाम अरोड़ा पंजाब में भगवंत मान सरकार के समय में गिरफ्तार किए जाने वाले तीसरे पूर्व मंत्री हैं। इसके साथ ही वह कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने वाले पहले नेता हैंं जिन्‍हें विजिलेंस ने गिरफ्तार किया है। दरअसल, विजिलेंस ब्यूरो लगातार पूर्व मंत्रियों पर शिकंजा कस रहा है। माना जा रहा है कि कई पूर्व मंत्री व नेता विजिलेंस के निशाने पर हैं।  

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब में कांग्रेस नेताओं के बाद अब भाजपा में शामिल नेताओं पर विजिलेंस की नजर

    बता दें कि अरोड़ा पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच चल रही है और उन पर आरोप है कि इसी मामले को रफादफा कराने के लिए वह विजिलेंस के एआइजी को 50 लाख रिश्‍वत देना चाह रहे थे। इस दौरान उनको गिरफ्तार कर लिया गया। सुंंदर शाम अरोड़ा काे पूर्व मंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह के करीबी रहे हैं। कैप्‍टन अ‍मरिंदर सिंह ने कुछ समय पहले अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का भाजपा में विलय कर दिया था। सुंंदर शाम अरोड़ा पहले ही भाजपा में शामिल हो गए थे।  

    इससे पहले धर्मसाेत और आशु गिरफ्तार किए गए थे 

    आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद कैप्‍टन अमरिंदर सिंह की सरकार में वन मंत्री साधू सिंह धर्मसोत को विजिलेंस ने वन घोटाले मेंं गिरफ्तार किया था। उनको काफी मशक्‍कत के बाद पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट से जमानत मिली है। 

    कांग्रेस के एक और पूर्व मंंत्री भारत भूषण आशु को भी पिछले दिनों नाटकीय अंदाज में गिरफ्तार किया गया था। उनको विजिलेंस की टीम ने गिरफ्तार किया जब वह सैलून में बाल कटवा रहे थे। आशु को अनाज ढुलाई घोटाला में गिरफ्तार किया गया है। वह अभी जेल में बंंद है।

    गिलजियां के खिलाफ भी केस है दर्ज व गिरफ्तारी के लिए विजिलेंस कर रही तलाश

    भगवंत मान सरकार के निशाने पर कांग्रेस के एक और पूर्व मंत्री संगत सिंह गिलजियां भी हैं। उनके खिलाफ जंगलात घोटाले में मामला दर्ज किया गया है। गिलजियां की गिरफ्तारी के लिए विजिलेंस उनकी तलाश में जुटी है। गिलजियां लंबे समय से भूमिगत हैं और विजिलेंस के हाथ नहीं लग रहे हैं।

    पूर्व स्‍पीकर राणा केपी सिंह भी निशाने पर

    एक और कांग्रेस नेता और पंजाब विधानसभा के पूर्व स्‍पीकर राणा केपी सिंह भी विजिलेंस के निशाने पर बताए जाते हैं। बताया जाता है कि विजिलेंस राणा के खिलाफ खनन मामले में जांच कर रही है। यही कारण है कि पिछले दिनों कैप्‍टन अमरिंदर सिंह के साथ भाजपा में शामिल होने दिल्‍ली गए राणा केपी सिंह के भाजपा नेतृत्‍व ने पार्टी प्रवेश को रोक दिया।   

    दूसरी ओर, कैप्‍टन अमरिंदर सिंह के राजनीतिक सलाहकार रहे कैप्‍टन संदीप संधू के खिलाफ भी सोलर लाइट घोटाले में विजिलेंस ने केस दर्ज किया गया है। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हैं और विजिलेंस उनकी तलाश मेंं जुटी हुई है।       

    कांग्रेस विधायक पाहड़ा के खिलाफ भी जांच जारी

    इसके साथ ही विजिलेंस कांग्रेस विधायक बरिंदरमीत सिंह पाहड़ा व उनके परिवार के खिलाफ भी शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है। विजिलेंस पाहड़ा व उनके परिवार के आठ लोगों के खातों के बारे में जानकारी मांगी है।

    दूसरी ओर माना जा रहा है कि कांग्रेस और भाजपा के कुछ अन्‍य नेता भी विजिलेंस के निशाने पर आ सकते हैं। पूरे मामले में कांग्रेस और भाजपा के नेताओं ने आम आदमी सरकार पर राजनीतिक द्वेष के कारण विजिलेंस का इस्‍तेमाल करने का आरोप लगाया है। भाजपा ने सुंदर शाम अरोड़ा की गिरफ्तारी को हिमाचल प्रदेश और गुजरात के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी का पैंतरा बताया है।