विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 28, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Punjab Election 2022: बहन ने लगाए सिद्धू पर गंभीर आरोप, कहा- प्रापर्टी पर कब्जा कर मां को किया बेघर, पत्नी बचाव में उतरी

By Kamlesh BhattEdited By:
Published: Fri, 28 Jan 2022 12:10 PM (IST)Updated: Fri, 28 Jan 2022 11:19 PM (IST)

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले नवजोत सिंह सिद्धू की बहन होने का दावा करने वाली महिला सुमन तूर ने सिद्धू ...और पढ़ें

Punjab Vidhansabha Election 2022: नवजोत सिंह सिद्धू की फाइल फोटो व मीडियाकर्मियों से बात करती सुमन तूर। जागरण
Punjab Vidhansabha Election 2022: नवजोत सिंह सिद्धू की फाइल फोटो व मीडियाकर्मियों से बात करती सुमन तूर। जागरण

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस के प्रदेश प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू विवाद में घिर गए हैं। सिद्धू की अमेरिका में रहने वाली बहन डा. सुमन तूर ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कहा कि भाई सिद्धू ने पिता भगवंत सिद्धू की मौत के बाद मां निर्मल भगवंत और बहनों को घर से निकाल दिया। सिद्धू ने लोगों के पास झूठ बोला कि जब वह (सिद्धू) दो वर्ष के थे तब मां-बाप अलग हो चुके थे। सुमन तूर ने कहा कि उनकी मां ने लावारिस हालत में दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दम तोड़ा था।

सिद्धू की बहन होने का दावा करने वाली सुमन तूर ने कहा कि वह नवजोत सिद्धू से मिलने के लिए अमृतसर स्थित घर पर गई थी, लेकिन उन्होंने गेट नहीं खोला। यहां तक उनका मोबाइल नंबर भी ब्लाक कर दिया।

सुमन तूर ने कहा है कि नवजोत सिंह सिद्धू उनके मां और बाप के अलग होने संबंधी झूठ बोलते रहे हैं। उन्होंने कहा कि नवजोत सिद्धू की सास जसवीर कौर ने हमारा घर बर्बाद कर दिया है। मैं कभी भी अपने पैतृक घर में नहीं जा सकी। अमेरिका के न्यूयार्क में रहने वाली नवजोत सिद्धू की बहन सुमन तूर से जब यह पूछा गया कि वह इतने सालों बाद आज चुनाव के समय आरोप क्यों लगा रही हैं तो उन्होंने कहा कि मैं वह आर्टिकल जुटाना चाहती थी, जिसमें नवजोत सिद्धू ने मेरे मां और बाप के अलग होने संबंधी बयान दिया है।

सिद्धू बहनों, पिता व ताये के लड़के के साथ। फोटो- सुमन तूर के सौजन्य से

उन्होंने कहा कि मैं चुनाव के कारण ऐसा नहीं कर रही हूं, बल्कि मुझे एक आर्टिकल के जरिए यह जानकारी मिली है कि नवजोत सिद्धू ने मेरी मां के बारे में यह बयान दिया था कि वह और उसके पिता तब अलग हो चुके थे, जब वह 2 साल के थे। उनका अपनी मां और बहनों के साथ कोई रिश्ता नहीं है।

सुमन ने कहा कि जो सिद्धू अपने परिवार का नहीं हुआ वो किसी और का क्या होगा। नवजोत सिद्धू ने पैसे के पीछे मां को लावारिस कर दिया। भले ही सिद्धू ने करोड़ों कमाए हों, पर वह परिवार का न हो सका। बहन सुमन ने कहा कि उन्होंने सिद्धू को कई मैसेज भेजे कि उससे बात कर ले, लेकिन भाई ने उसे ब्लाक कर दिया। सुमन ने कहा कि उसकी एक बहन भी थी। उसकी मौत हो चुकी है। जब बहन की मौत हुई तो भांजी अकेली थी। वह स्पेशल चाइल्ड थी। सुमन उसे अमेरिका ले गई। सुमन तूर ने कहा कि भाई सिद्धू हर चीज को प्रूफ के साथ बताता है। वह चाहती हैं कि मां का प्रूफ भी जरूर दें। 

सुमन तूर की फेसबुक पर पोस्ट की गई यह फोटो वर्ष 2017 की है। इसमें वह सिद्धू के बेटे के साथ हैं। दूसरी फोटो में सिद्धू दंपती भी है। - फोटो सुमन तूर के फेसबुक वाल से

सिद्धू की पत्नी बोलीं- मैंन सुमन तूर को नहीं जानती

वहीं, सुमन तूर के आरोपों के संबंध में नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह उन्हें नहीं जानती हैं। कहा कि उनके रहते हुए सुमन तूर कभी उनके साथ नहीं रही। नवजोत कौर ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू के पिता की दो शादियां थी। सुमन तूर पहली शादी से पैदा हुई थी। 

अकाली दल ने कहा- क्या यही है सिद्धू का पंजाब माडल

नवजोत सिंह सिद्धू की बहन की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद शिरोमणि अकाली दल ने सिद्धू से पूछा है कि क्या यही उनका पंजाब माडल है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता हरचरण बैंस ने कहा कि सिद्धू कहते थे कि मुझ पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है, तो फिर यह क्या है। बैंस ने कहा कि सिद्धू ने अपने मां-बाप के रिश्ते के बारे में पूरी दुनिया से झूठ बोला और आज जब उनकी बहन ने जो पारिवारिक फोटो दिखाए हैं उससे स्थिति साफ हो गई है। बैंस ने कहा कि क्या मां से बड़ा दर्जा कोई है। परमात्मा के बाद मां का ही सबसे ऊंचा दर्जा है। वह रोज पंजाब के सामने पंजाब माडल रख रहे हैं।