'मैं पंडित तो हूं नहीं...', NDA में जाने के सवाल पर सुखबीर बादल ने कह दी बड़ी बात
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि कांग्रेस और आप को छोड़कर सभी पार्टियों से गठबंधन के रास्ते खुले हैं।

चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत करते हुए अध्यक्ष सुखबीर बादल।
HighLights
सुखबीर बादल ने भाजपा गठबंधन पर जल्द स्पष्टता की बात कही।
भारतीय किसान यूनियन कादिया ने अकाली दल को चुनाव में समर्थन दिया।
बादल ने AAP के विधायकों के इस्तीफे पर तीखा हमला बोला।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में हर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह कोई पंडित नहीं हैं, लेकिन उनकी पार्टी पंजाब की दो मुख्य विरोधी पार्टियों, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी, को छोड़कर बाकी सभी हमखियाली दलों के साथ गठबंधन करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इस बीच, आगामी विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल को एक बड़ा राजनीतिक समर्थन मिला है। भारतीय किसान यूनियन कादिया ने आधिकारिक रूप से अकाली दल को चुनाव में समर्थन देने की घोषणा कर दी है। किसान नेता हरमीत सिंह कादिया ने बताया कि उनकी पार्टी के राजनीतिक विंग ने कई राजनीतिक दलों के नेताओं से किसानों के मुद्दों पर चर्चा की थी, लेकिन किसी ने ठोस भरोसा नहीं दिया।
इसके विपरीत, सुखबीर सिंह बादल ने सरकार बनने परकिसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद यह बड़ा कदम उठाया गया है।
यह भी पढ़ें- पंजाब चुनाव से पहले AAP को झटका, 3 विधायकों ने थामा बीजेपी का दामन
विधायकों के इस्तीफे पर साधा निशाना
आम आदमी पार्टी के तीन विधायकों के इस्तीफे के सवाल पर सुखबीर बादल ने तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि जैसे-जैसे मतदान के दिन नजदीक आएंगे, आप के कई अन्य विधायक और नेता पार्टी छोड़कर बाहर आ जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के भीतर नेताओं को डराया-धमकाया जा रहा है, जिसकी वजह से वे खुलकर बोलने से बच रहे हैं।
यह भी पढ़ें- बठिंडा निगम बैठक में बड़ा फैसला, 178 आउटसोर्स कर्मियों को इंसोर्स करने और पार्किंग ठेकों पर शिकंजे की तैयारी
किसान संगठनों से अकाली दल का समर्थन
सुखबीर बादल ने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी सिमटकर महज दो-चार सीटों पर आ जाएगी और मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी धूरी सीट से बहुत बड़े अंतर से चुनाव हार जाएंगे।
उन्होंने जोर देकर कहा कि शिरोमणि अकाली दल ही एकमात्र ऐसी क्षेत्रीय पार्टी है जो हमेशा किसानों और किसानी के अधिकारों के साथ मजबूती से खड़ी रही है। उन्होंने राज्य की अन्य सभी किसान संगठनों से भी क्षेत्रीय पार्टी के समर्थन में आगे आने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।