भाजपा-अकाली दल गठजोड़ के बीच सुल्तानपुर लोधी पहुंचे शिवराज चौहान, गुरुद्वारा बेर साहिब में टेका माथा
प्रकाश पर्व पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुल्तानपुर लोधी के गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में मत्था टेका, संगत के साथ सेवा की और देश की खुशहाली की अरदास की।

सुल्तानपुर लोधी पहुंचे शिवराज चौहान।
HighLights
शिवराज चौहान ने गुरु नानक जयंती पर बेर साहिब में मत्था टेका।
देश की सुख-समृद्धि हेतु अरदास की, सेवा कार्य में भाग लिया।
गुरु नानक देव के 'एक ओंकार' संदेशों पर जोर दिया।
राज्य ब्यूरो, सुल्तानपुर लोधी। दिल्ली में भाजपा-अकाली दल में गठबंधन के बीच गुरु नानक जयंती व प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज पंजाब प्रवास के दौरान ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में श्रद्धापूर्वक मत्था टेका। इस पवित्र अवसर पर उन्होंने गुरु घर में अरदास कर देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की तथा संगत के साथ मिलकर सेवा कार्य में भाग लिया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार सुबह कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी स्थित इस पावन गुरुद्वारा साहिब पहुंचे। गुरु नानक जयंती के इस विशेष दिन परिसर में प्रवेश करने के पश्चात उन्होंने पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका और संगत के बीच बैठकर पावन गुरुबाणी का श्रवण किया।
इस दौरान उन्होंने सिख परंपरा और मर्यादा के अनुरूप गुरु घर की सेवा में अपना योगदान दिया। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से केंद्रीय मंत्री को पारंपरिक रूप से सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।
यह भी पढ़ें- 'अकाली दल से होगा सीएम चेहरा', पंजाब में BJP-SAD गठबंधन के बाद अमित शाह का बड़ा एलान

गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होते हुए शिवराज चौहान।
गुरु नानक देव जी की तपोभूमि को नमन
दर्शन और सेवा के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी आध्यात्मिक अनुभूति साझा की। अपने संबोधन की शुरुआत 'सतनाम वाहेगुरु, वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह' के जयघोष के साथ करते हुए उन्होंने कहा कि वह स्वयं को अत्यंत सौभाग्यशाली मानते हैं।
उन्होंने कहा कि बहुत दिनों से उनकी इच्छा थी कि सुल्तानपुर लोधी की उस पावन धरा के दर्शन करें, जहां बाबा गुरु नानक देव जी ने 14 वर्ष, 9 महीने और 13 दिन तपस्या की, पवित्र बेईं नदी में अलोप होकर पुनः प्रकट हुए और मानवता को 'एक ओंकार' का उद्घोष दिया। आज उनकी वह साध पूरी हुई है और वह स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं।
गुरु नानक देव के तीन मूल संदेश
गुरु साहिब की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए श्री चौहान ने कहा कि बाबा गुरु नानक देव जी ने 'एक ओंकार' के माध्यम से यह संदेश दिया है कि परमात्मा एक है और हम सब उसी की संतान हैं। उन्होंने कहा कि हमें गुरु साहिब के तीन मूल संदेशों- 'नाम जपो, कीरत करो और वंड चखो' से सीधा नाता जोड़ना चाहिए।
इसका अर्थ है कि हम ईमानदारी से मेहनत कर अपनी आजीविका चलाएं, जो कुछ भी है उसे मिल-बांट कर खाएं, आपस में प्रेम, स्नेह व भाईचारा बनाए रखें तथा मां, बहन और बेटी का सदैव सम्मान करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बाबा गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं में ही दुनिया की समस्त समस्याओं का समाधान निहित है और हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए।
यह भी पढ़ें- 6 साल की दूरी के बाद आसान होगा वोट ट्रांसफर! पंजाब चुनाव 2027 में अकाली-भाजपा गठबंधन की असली परीक्षा
ऐतिहासिक गुरुद्वारा बेर साहिब का इतिहास
उल्लेखनीय है कि सुल्तानपुर लोधी स्थित गुरुद्वारा श्री बेर साहिब सिख धर्म के अत्यंत पवित्र और ऐतिहासिक स्थलों में से एक है। धार्मिक मान्यताओं और इतिहास के अनुसार, प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी ने इसी पावन भूमि पर स्थित बेर (बेरी) के वृक्ष के नीचे बैठकर ईश्वर की आराधना की थी, यहीं उन्हें आत्मज्ञान की प्राप्ति हुई थी और यहीं से उन्होंने संपूर्ण मानवता को जोड़ने वाले 'मूल मंत्र' का प्रथम बार उच्चारण किया था।
गुरु नानक जयंती व प्रकाश पर्व के इस शुभ दिन तपोभूमि पर पहुंचकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने गुरु साहिब के मानवता, आपसी भाईचारे और निःस्वार्थ सेवा के संदेशों को नमन किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।