संजीव अरोड़ा आज लेंगे विधायक पद की शपथ, कैबिनेट में मिल सकती है जगह; मंत्रिमंडल में फेरबदल से अन्य मंत्रियों की बढ़ी चिंता
लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से आप विधायक संजीव अरोड़ा शनिवार को विधानसभा में शपथ लेंगे। स्पीकर कुलतार सिंह संधवां उन्हें शपथ दिलाएंगे। ऐसी संभावना है कि उन्हें अगले सप्ताह मंत्री भी बनाया जा सकता है। राज्यसभा सदस्य होने के कारण विधायक पद की शपथ लेने से पहले उन्हें अपनी सदस्यता से इस्तीफा देना होगा।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (आप) के नए जीते विधायक संजीव अरोड़ा को शनिवार को विधानसभा परिसर में स्पीकर के चैंबर में शपथ दिलाई जाएगी। स्पीकर कुलतार सिंह संधवां शपथ दिलाएंगे। हालांकि यह भी सूचना है कि उन्हें अगले सप्ताह किसी भी समय मंत्री भी बनाया जा सकता है।
राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया उदयपुर चले गए हैं। उन्हें दो जुलाई को लौटना है। ऐसे में कैबिनेट विस्तार दो जुलाई तक के लिए टल गया है। संजीव अरोड़ा जो इस समय राज्यसभा के सदस्य भी हैं, विधायक पद की शपथ लेने से पूर्व अपनी सदस्यता से इस्तीफा भी देंगे ताकि उन्हें विधायक पद की शपथ दिलाई जा सके।
उनके इस्तीफे के बाद पंजाब से एक राज्य सभा सदस्य की सीट खाली हो जाएगी। तीन साल पहले संजीव अरोड़ा राज्यसभा सदस्य बनाए गए थे। यह सीट खाली होने के बाद किस आप नेता या किसी अन्य को दी जाएगी, इस बारे में पार्टी ने अभी फैसला नहीं लिया है।
इस विधायक को मिल सकती है कैबिनेट में जगह
दूसरी ओर, संजीव अरोड़ा का पंजाब कैबिनेट में आना तय है। उनके अलावा एक और मंत्री भी कैबिनेट में आ सकते हैं। कैबिनेट में दो मंत्री पद खाली हैं। माना जा रहा है कि डॉ. इन्द्रबीर सिंह निज्जर भी मंत्री बनाए जा सकते हैं जो पहले भी मंत्री रह चुके हैं और स्थानीय निकाय विभाग देखते रहे हैं लेकिन बीच में उन्हें हटा दिया गया था।
मंत्रिमंडल में फेरबदल की खबरों के बीच कुछ मंत्री अपनी-अपनी कुर्सियां जाने को लेकर चिंतित हैं। हालांकि पार्टी के एक सीनियर नेता ने बताया कि जब भी मंत्रिमंडल में फेरबदल होता है, तो मौजूदा मंत्रियों को डर सताने लगता है कि कहीं उनकी जगह या विभाग न चले जाएं। नए लोगों को कुछ विभाग सौंपे जाने हैं। इसका मतलब है कि कुछ न कुछ बदलाव तो होगा ही।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।