Road Safety: चंडीगढ़ में भ्रमित करते साइनेज बोर्ड, 10 माह में 14823 लोगों के रांग ड्राइविंग में चालान
मोहाली-पंचकूला से लगने वाले चंडीगढ़ के 18 एंट्री-एग्जिट प्वाइंट पर लगने वाले ज्यादातर साइनेज बोर्ड (दिशा सूचक) लोगों को भ्रमित करते नजर आ रहे हैं। कई जगह एक ही प्वाइंट पर दो बोर्ड लगे हैं जिसमें एक ही वाहन की गति सीमा अलग-अलग लिखी है।

कुलदीप शुक्ला, चंडीगढ़। मोहाली-पंचकूला से लगने वाले चंडीगढ़ के 18 एंट्री-एग्जिट प्वाइंट पर लगने वाले ज्यादातर साइनेज बोर्ड (दिशा सूचक) लोगों को भ्रमित करते नजर आ रहे हैं। कई जगह एक ही प्वाइंट पर दो बोर्ड लगे हैं, जिसमें एक ही वाहन की गति सीमा अलग-अलग लिखी है। कई साइन बोर्ड की लिखावट भी मिट चुकी है, तो कहीं पन कालिख व कहीं पर पोस्टर लगे हैं।
तकरीबन छह माह पहले विभिन्न सड़कों पर वाहनों की गति सीमा में परिवर्तन होने के बावजूद नए साइन बोर्ड नहीं लग सके हैं। शहर के कई चौक, साइकिल ट्रैक, डिवाइडिंग, लाइट प्वाइंट पर मानक के अनुसार रोड इंजीनियरिंग की खामियां भी हैं। जाम की स्थिति में जल्द निकलने के चक्कर में वाहन चालक साइकिल ट्रैक से रांग साइड लेकर निकल जाते हैं। सड़क पर 12 घंटे पुलिस की तैनाती और 24 घंटे स्मार्ट कैमरों की नजर है। दस माह में रांग ड्राइविंग के 14823 लोगों के चालान हो चुके हैं।
गलत दिशा में न चलें, उसके लिए पुलिस के इंतजाम
शहर में गलत दिशा में चलने वाले वाहन चालक को रोकने के लिए सभी प्रमुख मार्ग, चौक और लाइट प्वाइंट्स पर पुलिस की तैनाती है। ऐसा करने पर पुलिसकर्मी वाहन चालक को रोक कर चालान करते हैं। कई बार वाहन भी जब्त कर लेते हैं। वहीं, दूसरे ओर नियमों का पालन करवाने के लिए 24 घंटे स्मार्ट सीसीटीवी कैमरों की पैनी नजर होती है। इससे भी पुलिस चालान इश्यू करती है।
साइकिल ट्रैक पर सबसे ज्यादा रांग ड्राइविंग
शहर में साइकिल ट्रैक पर चलने वाले वाहन चालक के चालान के साथ केस दर्ज करने का प्रविधान है। इसके तहत पुलिस जागरूक करने के साथ कानूनी कार्रवाई भी कर चुकी है। इसके बावजूद किसी भी मार्ग पर जाम लगने की स्थिति में ज्यादातर दोपहिया वाहन सवार साइकिल ट्रैक से चलकर दूसरी सड़क पर पहुंचते हैं। जो साइकिल चालक के लिए खतरनाक भी होता है। इसी तरह दिन के अलावा शाम के समय 90 फीसद साइकिल सवार ट्रैक पर नहीं, बल्कि सड़क पर चलते हैं।
पेट्रोल पंप में स्थिति बेहतर
शहर के सिटको, नगर निगम, इंडियन आयल, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के विभिन्न पेट्रोल पंप संचालित हो रहे हैं। यहां पर मानक के आधार पर व्यवस्था दुरुस्त मिली है, जबकि, सड़क से पेट्रोल पंप या होटल की व्यावहारिकता के लिहाज से उचित दूरी हैं।
ओवरस्पीड, रेडलाइट जंप/रांग टर्न सहित नियमों को तोड़ने के आंकड़ें
चालान (2020) (2021) (2022/20अक्टूबर तक)
- ओवर स्पीड 32497 64132 108331
- साइकिल ट्रैक पर चलना 578 2665 4052
- रांग साइड ड्राइविंग/टर्न 1495 1746 1527
- वाहन गलत रोकना 2652 5163 3532
- खतरनाक ड्राइविंग 2615 4097 97172
- प्रतिबंधित यू-टर्न में सुधार 16491 21294 5712
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।