Rakhi 2022: चंडीगढ़ के बाजारों में भीड़, स्पाइडर मैन, डोरेमोन, छोटा भीम वाली राखियों की डिमांड ज्यादा
Raksha Bandhar 2022शहर के बाजार सज गए हैं और रंग बिरंगी राखियों के स्टाल लगे हुए हैं। लोग राखी की खरीदारी करने के लिए पहुंच रहे हैं। इस बार कार्टून वाली राखियों की डिमांड ज्यादा होने के चलते दुकानों में ऐसी ही राखियां मिल रही हैं।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। Raksha Bandhar 2022: दो दिन बाद यानी 11 अगस्त को भाई-बहन के प्रेम का पवित्र त्योहार रक्षाबंधन है। इसके लिए शहर के बाजार सज गए हैं और रंग बिरंगी राखियों के स्टाल लगे हुए हैं। लोग राखी की खरीदारी करने के लिए पहुंच रहे हैं। इस वजह से बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। शहर के मुख्य बाजार सेक्टर-22, सेक्टर-15, सेक्टर-19, सेक्टर-41 की मार्केट्स में खासी भीड़ है।
बाजारों में विभिन्न स्टाइल और डिजाइन की राखियां पहुंच चुकी हैं। इस बार राखियों में बच्चों की पसंद को ज्यादा तरजीह दी गई है। क्योंकि राखी के स्टाल में कार्टून वाली राखियां बच्चों का मन मोह रही हैं। पतले धागे के साथ रंगीन मनके और उसके ऊपर कार्टून वाली राखियां बच्चों की पहली पसंद बनी हुई है।
स्पाइडर मैन, डोरेमोन, छोटा भीम, लिटल सिंघम और कई तरह के कार्टून से सजी राखियों बाजारों में मिल रही हैं। बच्चों में इन राखियों की डिमांड भी ज्यादा है। इस बात को ध्यान में रखते हुए दुकानदारों ने कार्टून वाली राखियों को स्टाल में ज्यादा सजाया है।
दुकानदारों ने बताया कि इस बार बड़े कार्टून के बजाए छोटे को बच्चे ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इसकी यह वजह है कि राखी से बड़े कार्टून निकल जाते हैं, जबकि छोटे साइज वाले ज्यादा दिन तक रहते हैं। छोटे साइज वाले कार्टून धागे के साथ मजबूती से जुड़ा रहते हैं और इसमें विभिन्न रंग के मनके भी पिरोए गए हैं। इस वजह से भी इन राखियों की डिमांड ज्यादा है।
लाइटिंग के साथ कार्टून और हैंड बैंड का भी क्रेज
कोरोना महामारी के दो साल बाद रक्षा बंधन पर शहर के बाजारों में खूब रौनक है। मार्केट में राखियों के साथ हैंड बैंड और लाइटिंग वाले कार्टून भी हैं। हैंड बैंड और रंग-बिरंगी लाइटिंग वाले कार्टून की भी लोग खरीदारी कर रहे हैं।
बच्चों की पसंद पर ज्यादा दिया जा रहा ध्यान
राखी विक्रेता अभिषेक ने बताया कि बच्चों का क्रेज राखी के लिए ज्यादा होता है इसलिए उसकी सेल भी ज्यादा है। वहीं कोरोना की वजह से दो साल रक्षा बंधन का त्योहार फीका रहा है। अब महामारी के कुछ हद तक राहत मिलने के बाद राखियाें का स्टाल मार्केट में लगाए गए हैं। बच्चे राखियों को देखकर आकर्षित हो रहे हैं और उनकी खरीदारी कर रहे हैं। वहीं बड़ों के लिए भी कई तरह की राखियों दुकानों में मौजूद हैं। बड़ी उम्र के लोग सामान्य धागे वाली राखी की खरीदारी कर रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।