पंजाब में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में भाजपा, रखड़ पूनिया मेले में एक मंच होगी सीएम सैनी-शिवराज की जोड़ी
रखड़ पूनिया मेले में भाजपा बड़ा शक्ति प्रदर्शन करेगी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान एक मंच पर नजर आएंगे।

ये AI जनरेटेड इमेज है।
HighLights
भाजपा 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी।
रखड़ पूनिया मेले में सैनी-चौहान का बड़ा शक्ति प्रदर्शन।
पार्टी पंजाब में सभी 117 सीटों पर अकेले लड़ेगी।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा अब माझा क्षेत्र में बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में है। बाबा बकाला में होने वाले प्रसिद्ध रखड़ पूनिया मेले के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एक मंच पर नजर आएंगे।
भाजपा की ओर से पहली बार बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसे पंजाब में पार्टी के चुनावी अभियान की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। भाजपा हाईकमान पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि पार्टी पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। ऐसे में माझा क्षेत्र में होने वाले इस कार्यक्रम को खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- बठिंडा में स्कूल वैन बनी आग का गोला, अंदर फंसे थे 35 बच्चे; समय रहते सभी को निकाला गया सुरक्षित
2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी!
कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। इसके जरिये पार्टी जमीनी स्तर पर संगठन की ताकत और चुनावी तैयारियों का संदेश देने की कोशिश करेगी। पिछले कुछ समय से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पंजाब दौरों में भी तेजी आई है। उनके लगातार दौरे को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें- 15 दिन में दूसरी बार आज मिलेंगे सीएम मान और पंजाब गवर्नर, हवारा की पैरोल पर हो सकती है चर्चा
भाजपा अपना रही अकेले चलो की रणनीति
वहीं, भाजपा और अकाली दल के बीच संभावित गठबंधन को लेकर लगातार चर्चाएं चलती रही हैं, लेकिन मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में भाजपा पंजाब चुनाव में फिलहाल ‘अकेले चलो’ की रणनीति पर आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। हाल ही में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम की घोषणा की है।
इसमें पंजाब के वरिष्ठ नेता मनप्रीत सिंह बादल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि राज्यसभा सदस्य तरुणचुग को गुजरात का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इससे भी पंजाब में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और चुनावी रणनीति को लेकर पार्टी की गंभीरता का संकेत मिलता है।
