बठिंडा में स्कूल वैन बनी आग का गोला, अंदर फंसे थे 35 बच्चे; समय रहते सभी को निकाला गया सुरक्षित
बठिंडा में बच्चों से भरी निजी स्कूल वैन के इंजन में अचानक आग लग गई। चालक और स्थानीय लोगों की मदद से करीब 35 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

बच्चों को स्कूल बस से बाहर निकालते हुए स्थानीय लोग व ड्राइवर।
HighLights
बठिंडा में बच्चों से भरी स्कूल वैन में लगी आग।
चालक की सूझबूझ से 35 बच्चों को सुरक्षित निकाला गया।
स्थानीय लोगों और अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पाया।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा के बीबीवाला रोड पर शनिवार को बच्चों से भरी एक निजी स्कूल वैन में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। वैन में करीब 35 बच्चे सवार थे। इंजन से धुआं निकलते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वैन को सड़क किनारे रोक दिया और बच्चों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकालना शुरू कर दिया। समय रहते सभी बच्चों को वैन से बाहर निकाल लिए जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, बीबीवाला गांव स्थित एक निजी स्कूल की वैन छुट्टी के बाद बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। वैन जब बीबीवाला रोड पर पहुंची तो अचानक इंजन से धुआं निकलने लगा। चालक बब्बू ने खतरा भांपते हुए तुरंत वैन रोक दी। उसने बच्चों को पीछे की ओर जाने और एक-एक करके बाहर निकलने के लिए कहा।
यह भी पढ़ें- 15 दिन में दूसरी बार आज मिलेंगे सीएम मान और पंजाब गवर्नर, हवारा की पैरोल पर हो सकती है चर्चा

वैन से निकलता धुआं।
वैन रुकते ही तेजी से फैली आग
वैन रुकते ही आग तेजी से फैलने लगी और कुछ ही देर में धुआं वैन के अंदर भर गया। इससे बच्चों में घबराहट फैल गई। इसी दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने भी तुरंत मदद के लिए हाथ बढ़ाया। आसपास के लोगों ने बच्चों को वैन से बाहर निकालकर पास के एक कमरे में सुरक्षित बैठाया।
घटना की जानकारी मिलते ही पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत मेहता और उनकी टीम भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वैन के अंदर धुआं अधिक भर जाने के कारण लोगों ने उसके शीशे तोड़कर धुआं बाहर निकाला।
अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर पाया काबू
चालक ने वैन में रखे अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आसपास के दुकानदार भी तुरंत अग्निशमन सिलेंडर लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में मदद की। कुछ देर की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया गया।
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत मेहता ने बताया कि वैन में सवार सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। किसी बच्चे के घायल होने की सूचना नहीं है। वैन चालक बब्बू ने बताया कि इंजन से धुआं निकलते ही उसने बिना देर किए बच्चों को बाहर निकालना शुरू कर दिया था। प्रारंभिक तौर पर आग तकनीकी खराबी के कारण लगने की आशंका है।
यह भी पढ़ें- लुधियाना में शराब पार्टी में दोस्तों में हुआ विवाद, फैक्ट्री मालिक की हत्या; सुबह भाई ने देखा खून से लथपथ शव
पुलिस ने जांच की शुरू
सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की गाड़ी और पुलिस नियंत्रण कक्ष के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए वैन की तकनीकी स्थिति और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद बच्चों के अभिभावकों में भी चिंता फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक मौके पर पहुंच गए और अपने बच्चों को सुरक्षित अपने साथ घर ले गए। चालक की तत्परता और स्थानीय लोगों की मदद से समय रहते सभी बच्चों को बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
