लुधियाना में शराब पार्टी में दोस्तों में हुआ विवाद, फैक्ट्री मालिक की हत्या; सुबह भाई ने देखा खून से लथपथ शव
लुधियाना के हैबोवाल में शराब पार्टी के दौरान विवाद के बाद फैक्ट्री मालिक जतिंदर राजपूत की तेजधार हथियार से हत्या हुई। पुलिस आरोपित दोस्त की तलाश कर रही है।

मृतक की फाइल फोटो।
HighLights
लुधियाना में शराब पार्टी में फैक्ट्री मालिक की हत्या।
तेजधार हथियार से दोस्त ने दिया वारदात को अंजाम।
पुलिस ने आरोपित की पहचान कर छापेमारी शुरू की।
संवाद सहयोगी, लुधियाना। लुधियाना में हैबोवाल इलाके के हरगोबिंद नगर में शुक्रवार रात शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कपड़ों पर प्रिंटिंग का काम करने वाले 40 वर्षीय फैक्ट्री मालिक जतिंदर राजपूत की तेजधार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस को शक है कि वारदात को उसके ही एक दोस्त ने अंजाम दिया है।
पुलिस ने आरोपित की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, जतिंदर राजपूत शुक्रवार रात अपनी फैक्ट्री में कुछ दोस्तों के साथ शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका एक दोस्त के साथ विवाद हो गया।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक दोनों के बीच कहासुनी बढ़ने के बाद आरोपित ने तेजधार हथियार से जतिंदर पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- सज्जन कुमार को रोल मॉडल बताने पर भड़के पंजाब से विधायक धालीवाल, कांग्रेस से हुड्डा पर कार्रवाई की मांग
फैक्ट्री में मिला शव
वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और क्या हत्या की पहले से कोई योजना थी या अचानक हुए झगड़े में वारदात को अंजाम दिया गया।
शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे जतिंदर का भाई फैक्ट्री पहुंचा। वहां का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। जतिंदर खून से लथपथ हालत में पड़ा था। उसकी गर्दन से काफी खून बह रहा था। भाई ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें- लुधियाना में 22 दिन बाद फिर धंसी सड़क, हादसे का खतरा बढ़ा; नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल
फोरेंसिक टीम ने जुटाए सुराग
सूचना मिलते ही हैबोवाल थाना प्रभारी जसवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। इसके बाद फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए और वारदात से जुड़े सुराग जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपित की पहचान हो चुकी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पार्टी में उस समय कौन-कौन मौजूद था और घटना के बाद आरोपित किस रास्ते से फरार हुआ।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि आरोपित की गिरफ्तारी के बाद हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा।
