विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहाली के जीरकपुर के लग्जरी स्टोर से करोड़ों का सामान गायब, महिला मैनेजर के खिलाफ केस दर्ज

Published: Sat, 22 Aug 2026 12:21 PM (GMT+05:30)

जीरकपुर के एक लग्जरी स्टोर से करीब डेढ़ करोड़ रुपये का सामान गायब होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने स्टोर मैनेजर मोहिना दीवानी पर मामला दर्ज किया है।

स्टोर से 200 से अधिक ड्रेस और इलेक्ट्रानिक सामान गायब होने का आरोप। (एआई जनरेटेड फोटो)

स्टोर से 200 से अधिक ड्रेस और इलेक्ट्रानिक सामान गायब होने का आरोप। (एआई जनरेटेड फोटो)

HighLights

  1. करीब 1.5 करोड़ रुपये का सामान लग्जरी स्टोर से गायब।

  2. स्टोर मैनेजर मोहिना दीवानी पर चोरी का आरोप लगा।

  3. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संवाद सहयोगी, जीरकपुर (मोहाली)। ऑक्सफोर्ड स्ट्रीट स्थित फिनेस द लग्जरी स्टोर से करीब डेढ़ करोड़ रुपये का रेडीमेड कपड़ा, आयातित फैब्रिक, इलेक्ट्राॅनिक उपकरण और अन्य सामान गायब होने का मामला सामने आया है।

स्टोर मालिक अरविंद कुमार की शिकायत पर पुलिस ने स्टोर मैनेजर मोहिना दीवानी उर्फ डिंपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता के अनुसार 10 अगस्त की सुबह कर्मचारी सिया और मंजू स्टोर पहुंचीं तो शटर का ताला टूटा मिला।

अंदर जांच करने पर बड़ी मात्रा में सामान गायब था। प्रारंभिक आकलन में 200 से अधिक रेडीमेड ड्रेस, करीब 15 हजार मीटर आयातित कपड़ा, दो एसी, लैपटॉप व कंप्यूटर सिस्टम, साउंड सिस्टम, शीशे, फर्नीचर, स्टोर फिक्स्चर और कपड़ों के सैंपल समेत अन्य सामान गायब बताया गया है।

स्टोर मालिक ने सामान की अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये बताई है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन स्टॉक रजिस्टर, खरीद बिल और इन्वेंट्री रिकार्ड के मिलान के बाद ही हो सकेगा।

सुरक्षा गार्ड के बयान से मैनेजर पर संदेह

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सुरक्षा गार्ड ने कर्मचारियों को बताया कि 9 अगस्त की शाम करीब सात से आठ बजे स्टोर मैनेजर मोहिना दीवानी को स्टोर के पीछे सामान की आवाजाही के दौरान देखा गया था।

पूछने पर उसने कथित तौर पर बताया था कि स्टोर की जगह बदली जा रही है। चोरी का पता चलने के बाद कर्मचारियों ने मालिक को सूचना दी। इसके बाद कर्मचारियों ने अपटाउन स्काईला स्थित मैनेजर के फ्लैट पर जाकर देखा।

शिकायतकर्ता का दावा है कि वहां कुछ वस्तुएं ऐसी मिलीं, जो स्टोर से संबंधित प्रतीत हो रही थीं। कर्मचारियों ने इनकी तस्वीरें मालिक को भेजीं। सोसायटी के सुरक्षा कर्मचारियों से पूछताछ में मैनेजर के करीब दो दिन पहले फ्लैट छोड़ने की बात सामने आने का भी दावा किया गया है।

कारोबारी रिकाॅर्ड और कर्मचारियों के दस्तावेज भी गायब

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि गायब लैपटाप और कंप्यूटर सिस्टम में स्टोर का कारोबारी रिकार्ड, स्टाक संबंधी जानकारी और अन्य महत्वपूर्ण डेटा था। इसके अलावा कर्मचारियों के आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाते और वेतन संबंधी जानकारी और खरीद बिलों वाली एक फाइल भी गायब बताई गई है।

शिकायतकर्ता ने इस डेटा के संभावित दुरुपयोग की आशंका जताई है। मामले की सूचना 10 अगस्त को पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दी गई थी। पुलिस रिकार्ड के अनुसार 20 अगस्त को शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, सामान की आवाजाही, संबंधित व्यक्तियों की गतिविधियों और चोरी हुए सामान की बरामदगी को लेकर जांच कर रही है।