'बगावत के डर से जारी की लिस्ट...', पंजाब चुनाव के लिए AAP की पहली सूची पर राजा वड़िंग का रिएक्शन
राहुल गांधी के साथ बैठक के बाद पंजाब कांग्रेस नेताओं ने आम आदमी पार्टी की 40 उम्मीदवारों की पहली सूची पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
-1793439845481_m.webp)
कांग्रेस सांसद राजा वड़िंग (फाइल फोटो)
HighLights
राहुल गांधी ने पंजाब कांग्रेस नेताओं संग की अहम बैठक
AAP की पहली सूची पर कांग्रेस ने उठाए गंभीर सवाल
चन्नी ने आप सरकार पर भ्रष्टाचार, कुशासन का आरोप लगाया
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर नई दिल्ली में पंजाब कांग्रेस नेताओं के साथ राहुल गांधी की अहम बैठक हुई।
शनिवार को दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ पंजाब कांग्रेस के नेताओं की करीब दो घंटे तक बैठक हुई।
बैठक में चुनाव की रणनीति और संगठन की तैयारियों पर चर्चा हुई। इस बीच आम आदमी पार्टी की ओर से 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद कांग्रेस नेताओं ने पार्टी पर निशाना साधा।
इन उम्मीदवारों की दूसरी पार्टी में जाने की थी आशंका: राजा वड़िंग
पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आप की उम्मीदवार सूची को लेकर कहा कि पार्टी ने उन नेताओं को रोकने के लिए नाम घोषित किए हैं, जिनके दूसरी पार्टी में जाने की आशंका थी।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का पहले भी इतिहास रहा है कि उम्मीदवारों के नाम घोषित करने के बाद बदल दिए जाते हैं। वड़िंग ने सूची में हरपाल सिंह रंधावा का नाम नहीं होने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि हरपाल चीमा जैसे नेताओं के नाम भी सूची में नहीं हैं।
चन्नी ने क्या कहा?
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने आप सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि साढ़े चार साल में सरकार कोई ठोस फैसला नहीं ले सकी।
दिल्ली के लोगों पर पंजाब को लूटने और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए चन्नी ने कहा कि खनन और शराब को लेकर कोई स्पष्ट नीति नहीं है।
प्रदेश में गैंगस्टरवाद और नशे का कारोबार बढ़ा है। उन्होंने भाजपा और आप के बीच मिलीभगत का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि 50 किलोमीटर तक भाजपा के नियंत्रण वाले क्षेत्र में नशा पंजाब तक कैसे पहुंच रहा है।
चन्नी ने कहा कि भगवंत मान के खिलाफ कांग्रेस को किसी बड़े चेहरे को उतारने की जरूरत नहीं है। पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता उनका मुकाबला कर सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पंजाब के साथ खड़ी होकर नशे और गैंगस्टरवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ेगी।
कांग्रेस नेता डॉ. राजकुमार ने भी आप की सूची पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी के उम्मीदवारों की सभी सीटों पर जमानत जब्त होगी। उन्होंने बताया कि खड़गे के साथ सभी नेताओं की बैठक हुई है और कांग्रेस की चुनावी तैयारियों को लेकर पूरी तैयारी की जा चुकी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।