विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हैलो अंकल अमरिंदर!' राहुल गांधी के इस एक संबोधन से पंजाब में फिर शुरू हुई कैप्टन की वापसी की चर्चा

Published: Tue, 17 Nov 2026 03:47 PM (IST)

राहुल गांधी के अंकल अमरिंदर संबोधन और सोनिया के कार्यक्रम में पुराने किस्से ने कैप्टन की कांग्रेस वापसी की चर्चाएं तेज कीं। हालांकि, उन्होंने वापसी से इनकार किया है।

किताब विमोचन के अवसर पर सोनिया गांधी के साथ राहुल व प्रियंका और फ्रंट पंक्ति में बैठे कैप्टन अमरिंदर सिंह।

किताब विमोचन के अवसर पर सोनिया गांधी के साथ राहुल व प्रियंका और फ्रंट पंक्ति में बैठे कैप्टन अमरिंदर सिंह।

HighLights

  1. राहुल गांधी ने कैप्टन को पसंदीदा भाजपा नेता बताया।

  2. सोनिया की किताब विमोचन पर राजीव-कैप्टन का किस्सा सुनाया।

  3. कैप्टन ने कांग्रेस में वापसी की संभावना से इनकार किया।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। राहुल गांधी के मुंह से निकला 'हैलो अंकल अमरिंदर' का संबोधन पंजाब की सियासत में एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है। कभी कांग्रेस के सबसे ताकतवर नेताओं में शुमार रहे और अब भाजपा में शामिल कैप्टन अमरिंदर सिंह को लेकर गांधी परिवार की सार्वजनिक गर्मजोशी ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नए राजनीतिक सवाल खड़े कर दिए हैं।

पहले राहुल गांधी ने उन्हें भाजपा में अपना पसंदीदा नेता बताया और अब सोनिया गांधी की किताब के विमोचन समारोह में उनके साथ राजीव गांधी से जुड़ा पारिवारिक किस्सा साझा किया। हालांकि कैप्टन कांग्रेस में लौटने की संभावना से साफ इनकार कर चुके हैं, लेकिन पिछले छह महीनों में घटनाओं की जिस तरह कड़ियां जुड़ी हैं, उसने पंजाब में सियासी अटकलों को जरूर तेज कर दिया है।

यह भी पढ़ें- सोनिया की किताब पढ़ भावुक हुए कैप्टन, गांधी परिवार से जुड़ी यादें हुईं ताजा; कांग्रेस में वापसी के अटकलों पर दिया जवाब

7 जून: जब राहुल ने बताया था पसंदीदा नेता

इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत चार जून को हुई थी, जब हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दावा किया कि कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस नेताओं के संपर्क में हैं। इसके बाद सात अगस्त को राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर छात्रों के साथ सवाल-जवाब के दौरान भाजपा में अपने पसंदीदा नेता का नाम पूछा जाने पर बिना देर किए कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिया।

राहुल ने कहा कि उनकी कैप्टन से अच्छी बनती है, वह अच्छे इंसान हैं और उन्हें सैन्य इतिहास की काफी जानकारी है। अपनी बात खत्म करते हुए राहुल ने कैमरे की तरफ देखकर कहा- 'हैलो अंकल अमरिंदर!'

राहुल का यह संबोधन इसलिए भी अहम रहा क्योंकि कैप्टन ने कांग्रेस नेतृत्व से गंभीर मतभेदों के बाद पार्टी छोड़ी थी। इसके बावजूद राहुल की टिप्पणी में पुराने व्यक्तिगत रिश्तों की झलक दिखाई दी। इसके बाद 15 अक्टूबर को पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने भी वापसी की संभावनाओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि राजनीति में कुछ भी संभव है।

उन्होंने कैप्टन को बड़ा नेता बताते हुए पंजाब के लिए उनके काम की सराहना की। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कैप्टन से पार्टी में लौटने को लेकर उनकी कोई व्यक्तिगत बातचीत नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें- सरकारी जमीन के सौदे में 367 करोड़ की गड़बड़ी का आरोप, परगट सिंह ने पंजाब सरकार से मांगा जवाब

राहुल ने सुनाया राजीव-कैप्टन का किस्सा

16 नवंबर को दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' के विमोचन समारोह में कैप्टन की मौजूदगी ने इन चर्चाओं को और हवा दे दी। कार्यक्रम में राहुल गांधी ने मंच से कैप्टन का नाम लेते हुए अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी के बीच हुई एक पुरानी नोकझोंक का किस्सा सुनाया।

राहुल ने बताया कि उन्होंने अपने माता-पिता को कई बार बहस करते देखा था, लेकिन उन्हें आपस में गंभीर रूप से उलझते हुए केवल एक बार देखा। संयोग से उस समय उनके पिता राजीव गांधी फोन पर कैप्टन अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे।

सोनिया गांधी उनसे कुछ कहना चाह रही थीं और तीन-चार बार अपनी बात दोहरा चुकी थीं, लेकिन राजीव गांधी फोन पर बातचीत में व्यस्त थे। राहुल के मुताबिक, उस समय राजीव तनाव में थे और उन्हें गुस्सा आ गया, जिसके बाद दोनों के बीच बहस हुई। राहुल ने कैप्टन की तरफ देखते हुए उनसे पूछा कि क्या उन्हें वह घटना याद है।

सामाजिक कार्यक्रम में राजनीति से इनकार

कार्यक्रम के बाद कैप्टन से कांग्रेस में वापसी को लेकर सवाल हुआ तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा- 'नहीं'। उन्होंने कहा कि वह सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं और इसमें राजनीतिक मुद्दे कहां से आ गए। कैप्टन ने यह भी बताया कि सोनिया गांधी उनकी किताबों के विमोचन के तीन कार्यक्रमों में शामिल हो चुकी हैं।

भाजपा नेता राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने भी कैप्टन की मौजूदगी को निजी रिश्तों से जोड़ते हुए कहा कि उनके और गांधी परिवार के बीच लंबे समय से अच्छे संबंध हैं। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ कैप्टन की पुरानी मित्रता के चलते उनका कार्यक्रम में पहुंचना स्वाभाविक था।

2027 के चुनाव से पहले क्यों अहम है यह घटनाक्रम

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2017 में कांग्रेस को पंजाब में बड़ी जीत दिलाई थी। हालांकि, नवजोत सिंह सिद्धू के साथ टकराव और पार्टी नेतृत्व से मतभेद के बाद सितंबर 2021 में उन्हें मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ा। उन्होंने कांग्रेस से अलग होकर पंजाब लोक कांग्रेस बनाई और 2022 का चुनाव भाजपा के साथ गठबंधन में लड़ा। बाद में अपनी पार्टी का भाजपा में विलय कर दिया।

अब कांग्रेस 2027 में सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है, जबकि भाजपा भी पंजाब में अपना आधार मजबूत करने में जुटी है। ऐसे में कैप्टन का राजनीतिक अनुभव और राज्य में उनकी पहचान दोनों दलों के लिए अहम हो सकती है। कैप्टन भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की वकालत भी करते रहे हैं।

फिलहाल कैप्टन ने कांग्रेस में लौटने से इनकार कर दिया है और भाजपा के साथ अपनी राजनीतिक निष्ठा स्पष्ट रखी है। लेकिन राहुल गांधी का 'अंकल अमरिंदर' कहना, राजीव गांधी से जुड़ा पुराना किस्सा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के लगातार बयान एक बात जरूर बता रहे हैं कि पंजाब चुनाव से पहले कैप्टन का नाम फिर से राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है।

अब देखना यह होगा कि गांधी परिवार के साथ यह पुरानी नजदीकी सिर्फ निजी रिश्तों तक सीमित रहती है या 2027 के चुनाव में कोई नया राजनीतिक मोड़ भी लेती है।

यह भी पढ़ें- मोहाली पहुंचे केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल, भाजपा नेताओं ने किया स्वागत; पंजाब के उद्योगपतियों संग होगी मीटिंग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।