विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब विधानसभा 2027 को लेकर राहुल गांधी की हुंकार, संगरूर में 4 नवंबर को होगी रैली; कांग्रेस ने पूरी की तैयारी

Published: Fri, 30 Oct 2026 03:05 PM (IST)

कांग्रेस नेता राहुल गांधी चार नवंबर को संगरूर में 'इंसाफ रैली' करेंगे। कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था और नशे के मुद्दे पर भगवंत मान सरकार को घेरा है।

राहुल गांधी और विजय इंद्र सिंगला।

राहुल गांधी और विजय इंद्र सिंगला।

HighLights

  1. राहुल गांधी की 4 नवंबर को संगरूर में 'इंसाफ रैली'.

  2. कांग्रेस ने पंजाब सरकार पर कुशासन, कानून-व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल.

  3. रैली से कांग्रेस 2027 विधानसभा चुनाव अभियान का करेगी आगाज.

जागरण संवाददाता, पटियाला। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 4 नवंबर को संगरूर में होने वाली 'इंसाफ रैली' को लेकर कांग्रेस पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी संबंध में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस नेता विजयइंदर सिंगला ने कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी रैली को सफल बनाने के लिए जुटी हुई है।

सिंगला ने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश की सरकार दिल्ली से चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब का सचिवालय भी 39 नंबर की कोठियों से चलाया जा रहा है। जिन लोगों को पंजाब की जमीनी परिस्थितियों, संस्कृति और परंपराओं की समझ नहीं है, वे राज्य को चलाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके चलते पूरे पंजाब में डर और असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया है।

यह भी पढ़ें- 'कल 12 बजे आप पहली उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करेगी', सीएम मान ने पंजाब विधानसभा 2027 को लेकर दिल्ली में की घोषणा

कानून-व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल

सिंगला ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि पंजाब में आज कोई नया कारोबार शुरू करने और फैक्टरी मालिक नया निवेश करने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में ऐसी स्थिति बन गई है कि किसी को नहीं पता कि कब और कहां गोली चल जाए। इसी असुरक्षा के कारण पंजाब में नया निवेश नहीं आ रहा है।

आवाज उठाने वाले सुरक्षित नहीं

नशे के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए सिंगला ने आरोप लगाया कि नशे के कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को सरकार की ओर से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने गुलजार और झोटे जैसे लोगों का जिक्र करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश की गई। उन्होंने पंजाब को 'पुलिस स्टेट' बताते हुए कहा कि जब राजनीतिक नेता पुलिस के कामकाज में दखल देते हैं तो कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने बेरोजगारी और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और कहा कि आज पंजाब की माताएं सरकार से इंसाफ मांग रही हैं।

यह भी पढ़ें- 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस सक्रिय, मल्लिकार्जुन खरगे ने कल दिल्ली में बुलाई पंजाब सांसदों की बैठक

केंद्र सरकार को भी घेरा

सिंगला ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सीमा सुरक्षा के नाम पर बीएसएफ के अधिकार क्षेत्र को 50 किलोमीटर तक बढ़ा दिया गया है, लेकिन गुजरात बार्डर के रास्ते नशा आने के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने पंजाब सरकार को झूठे प्रचार की सरकार बताते हुए आरोप लगाया कि जनता के पैसे की बर्बादी की जा रही है। पंजाब पर लगातार बढ़ते कर्ज और 2022 के विधानसभा चुनावों में किए गए वादों को पूरा नहीं करने का मुद्दा भी उठाया।

4 नवंबर को राहुल गांधी उठाएंगे पंजाब के मुद्दे

प्रेस कांफ्रेंस के अंत में सिंगला ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा जनता से जुड़े बड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाते रहे हैं। अब 4 नवंबर को संगरूर पहुंचकर वह 'इंसाफ रैली' के माध्यम से पंजाब में हो रहे कथित अत्याचार और अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने कहा कि इस रैली के जरिए कांग्रेस अपने चुनावी अभियान का शंखनाद भी करेगी और पंजाब के लोगों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।

यह भी पढ़ें- पंजाब के मानसा में खाकी शर्मसार, ASI को चौक में चिट्टा पीते पकड़ा; पब्लिक ने की जमकर मारपीट