विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 02, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पंजाब कांग्रेस खींचतान: सिद्धू को राहुल-प्रियंका ने दी जुबान पर लगाम की नसीहत, अचानक बुलावे के बाद लौटे चंडीगढ़

By Sunil Kumar JhaEdited By:
Published: Thu, 02 Sep 2021 03:01 PM (IST)

Punjab Congress Dispute पंजाब कांग्रेस में मचे घमासान के बीच पार्टी के प्रदेश अध्‍यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को राहुल गांधी ...और पढ़ें

कांग्रेस के पूर्व राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और पंजाब कांग्रेस अध्‍यक्ष नवजोत सिं‍ह सिद्धू। (फाइल फोटो)
कांग्रेस के पूर्व राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और पंजाब कांग्रेस अध्‍यक्ष नवजोत सिं‍ह सिद्धू। (फाइल फोटो)

चंडीगढ़, जेएनएन। Punjab Congress Tussle: पंजाब कांग्रेस में घमासान के समाधान के लिए पार्टी के प्रदेश प्रभारी हरीश रावत चंडीगढ़ में हैं। इन सबके बीच पंजाब कांग्रेस के अध्‍यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को पार्टी से बड़ी नसीहत मिली है। सिद्धू के बयानों के ट्वीट से कांग्रेस का राष्‍ट्रीय नेतृत्‍व भी परेशान है। रावत के दौरे के बीच सिद्धू को अचानक दिल्‍ली बुलाया गया। बताया जाता है कि पार्टी के पूर्व राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सिद्धू को जुबान पर लगाम रखने की नसीहत दी।

दूसरी ओर सूत्रों का कहना है कि सिद्धू पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत से नाराज हैं। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि सिद्धू को लग रहा है कि अपने चंडीगढ़ दौरे में रावत कैप्‍टन अमरिंदर सिंह की बातों को अधिक महत्‍व दे रहे हैं और उनका पक्ष ले रहे हैं। इसी कारण वह दिल्‍ली से बुधवार को पंजाब लौट आए।

बताया जा रहा है कि नवजोत सिंह सिद्धू मंगलवार को हरीश रावत से मुलाकात के बाद नई दिल्‍ली गए थे। उनको पार्टी के राष्‍ट्रीय नेतृत्‍व की ओर से बुलावा आया था। वहां उनकी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात हुई। जानकारी के अनुसार, राहुल और प्रियंका ने नवजोत सिंह सिद्धू का जुबान पर काबू रखने और ट्विटर पर पार्टी के अंदरूनी मसले न उछालने की नसीहत दी।

बताया जाता है कि नवजोत सिद्धू ने इस पर अमल करने का भरोसा दिलाया। बता दें कि सिद्धू लगातार अपने बयान और ट्वीट के माध्‍यम से कैप्‍टन अमरिंदर सिंह सरकार को निशाना बना रहे हैं। यहां तक कि पिछले दिनों सामने आए एक वीडियो में वह आलाकमान काे ईंट से ईंट बजाने की धमकी देते नजर आए थे। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस का राष्‍ट्रीय नेतृत्‍व इससे बेहद नाराज है और इस कारण भी सिद्धू को दिल्‍ली तलब किया गया था। इसके साथ ही सिद्धू ट्वीट कर विभिन्‍न मुद्दों पर पंजाब की कैप्‍टन अमरिंदर सिंह सरकार पर निशाना साधते रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।