बिजनेस क्लास का टिकट लेकर इकोनॉमी में सफर, विरोध करने पर गिप्पी ग्रेवाल को मिली प्लेन से उतारने की धमकी
पंजाबी गायक और अभिनेता गिप्पी ग्रेवाल ने बिजनेस क्लास का भुगतान करने के बावजूद इकोनॉमी में बैठाने पर एयर कनाडा ...और पढ़ें

गिप्पी ग्रेवाल।
HighLights
गिप्पी ग्रेवाल को बिजनेस क्लास के बजाय इकोनॉमी में बैठाया गया।
शिकायत करने पर एयरलाइन स्टाफ ने विमान से उतारने की धमकी दी।
एयर कनाडा ने एक्स पर माफी मांगी, बुकिंग विवरण मांगे।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाबी गायक और अभिनेता गिप्पी ग्रेवाल ने एयर कनाडा की उड़ान में कथित तौर पर बिजनेस क्लास की सीट नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। गिप्पी ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि उन्होंने बिजनेस क्लास के लिए भुगतान किया था, लेकिन उन्हें इकोनॉमी क्लास में बैठा दिया गया। उन्होंने एयरलाइन स्टाफ के रवैये पर भी सवाल उठाए।
गिप्पी के अनुसार, जब उन्होंने स्टाफ से सीट बदलने का कारण पूछा तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उनका दावा है कि उन्हें मूल रूप से यह बताया गया कि ऐसा हो गया है और अब कुछ नहीं किया जा सकता। इसके बाद उन्हें या तो उड़ान लेने या उसे छोड़ने की बात कही गई।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में चोरी की नीयत से घर में घुसे तीन युवक, लोगों ने हथियार समेत दो को पकड़ा; धुनाई कर पुलिस को सौंपा
मदद मांगने पर विमान से उतारने की बात कही
गिप्पी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि जब उन्होंने बार-बार इस बारे में सवाल किया तो उनकी समस्या सुलझाने की कोशिश करने के बजाय उन्हें विमान से उतारने की बात कही गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी अतिरिक्त सुविधा की मांग नहीं कर रहे थे, बल्कि उसी बिजनेस क्लास सीट की मांग कर रहे थे जिसके लिए उन्होंने भुगतान किया था।
गिप्पी ने यह भी लिखा कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान एयरलाइन की ओर से उनसे साधारण माफी तक नहीं मांगी गई। उन्होंने एयर कनाडा के साथ हुए अनुभव को बेहद खराब बताया।
एयर कनाडा ने पोस्ट पर दिया जवाब
गिप्पी की पोस्ट के बाद एयर कनाडा के आधिकारिक एक्स अकाउंट से जवाब दिया गया। एयरलाइन ने घटना पर खेद जताते हुए माफी मांगी और गिप्पी से बुकिंग रेफरेंस तथा टिकट पर दर्ज पूरा नाम या नामों की जानकारी निजी संदेश (डीएम) के माध्यम से भेजने को कहा। एयरलाइन ने कहा कि इन जानकारियों के आधार पर वह मामले को देखेगी।
यह भी पढ़ें- अल्टीमेटम खत्म होते ही अमृतसर में रेलवे ट्रैक पर डटे किसान, DC मनाने पहुंचे; ट्रेनों पर होगा असर!
हालांकि, एयर कनाडा के शुरुआती जवाब में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि गिप्पी को बिजनेस क्लास से इकोनॉमी में क्यों बैठाया गया और सीट में बदलाव किस वजह से हुआ।
टोरंटो से न्यूयॉर्क जा रही थी उड़ान
गिप्पी ने जिस उड़ान एसी1504 का उल्लेख किया है, वह एयर कनाडा की टोरंटो से न्यूयॉर्क जाने वाली उड़ान है। उपलब्ध उड़ान विवरण के अनुसार यह फ्लाइट टोरंटो के पियर्सन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से न्यूयॉर्क के नेवार्क लिबर्टी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बीच संचालित होती है। 16 सितंबर की निर्धारित उड़ान का समय टोरंटो से दोपहर 12 बजे और नेवार्क पहुंचने का समय दोपहर 1:35 बजे था। उड़ान के लिए एयरबस ए320 विमान दर्ज था।
गिप्पी ग्रेवाल की पोस्ट के अनुसार फिलहाल विवाद का केंद्र बिजनेस क्लास के लिए भुगतान के बावजूद इकोनॉमी सीट मिलना और शिकायत करने पर एयरलाइन स्टाफ का कथित रवैया है। एयर कनाडा की ओर से मामले की जांच किए जाने की बात कही गई है।
