US में सिख ड्राइवर पर 17 बार चाकू से हमला! राजा वडिंग ने विदेश मंत्री से राजनयिकों को तलब करने की उठाई मांग
अमेरिका में एक पंजाबी सिख ट्रक ड्राइवर पर 17 बार चाकू से हमला किया गया। घटना के बाद कांग्रेस सांसद ...और पढ़ें

अस्पताल में उपचाराधीन सिख युवक।
HighLights
वायोमिंग में सिख ट्रक ड्राइवर पर 17 बार चाकू से हमला।
हमलावर एंड्रयू क्रिस बजडैक गिरफ्तार, हत्या के प्रयास का आरोप।
राजा वडिंग ने विदेश मंत्री से राजनयिकों को तलब करने की मांग की।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। अमेरिका के वायोमिंग में 28 वर्षीय पंजाबी सिख ट्रक ड्राइवर पर चाकू से 17 बार जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इंटरस्टेट-80 स्थित बिटर क्रीक रेस्ट एरिया के बाथरूम में 13 सितंबर की सुबह हुए हमले में ड्राइवर की गर्दन, सीने, बाजू और पसलियों पर गंभीर चोटें आईं। सैक्रामेंटो, कैलिफोर्निया निवासी ड्राइवर को मौके पर पहुंचे एक हिस्पैनिक परिवार ने मदद पहुंचाई और मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई।
वायोमिंग हाईवे पेट्रोल और स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एंड्रयू क्रिस बजडैक को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ फर्स्ट-डिग्री मर्डर की कोशिश का आरोप दर्ज किया गया है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक हमले के पीछे किसी नस्ली या सांप्रदायिक मकसद की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है।
घटना को लेकर पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं लुधियाना के सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखा है। उन्होंने अमेरिका और ब्रिटेन में सिख ड्राइवरों पर हुए हमलों का मामला दोनों देशों की सरकारों के समक्ष उठाने की मांग की है। वडिंग ने नई दिल्ली में तैनात अमेरिका और ब्रिटेन के राजनयिकों को तलब कर भारत का कड़ा विरोध दर्ज कराने की भी मांग की।
यह भी पढ़ें- 1013 लेक्चरार भर्ती में SC आरक्षण पर स्थिति साफ, कैबिनेट मंत्री बलजीत कौर ने शिक्षक यूनियनों को दिया आश्वासन
'मिस्टर सिंह' पोस्ट को लेकर भी जताई चिंता
राजा वडिंग ने नौ सितंबर को अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग की ओर से जारी सोशल मीडिया पोस्ट का भी उल्लेख किया। पोस्ट में एआई से तैयार तस्वीर के साथ अप्रवासी ट्रक चालकों को संबोधित करते हुए लिखा गया था- "गेट आफ आवर रोड्स, यू डोंट नो हाउ टू ड्राइव, मिस्टर सिंह।" पोस्ट को लेकर सिख समुदाय और कई नेताओं ने आपत्ति जताई थी। बाद में इसे हटा दिया गया।
कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूजम और भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति समेत कई नेताओं ने भी पोस्ट पर आपत्ति जताई थी। राजा वडिंग ने कहा कि पोस्ट के बाद वायोमिंग में सिख ट्रक ड्राइवर पर हुए हमले ने विदेशों में रहने वाले सिख ड्राइवरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें- नशे के खिलाफ आवाज उठाने की सजा! संगरूर DC ऑफिस के बाहर युवक ने निगला जहर, सचिन पायलट ने घेरी पंजाब सरकार
ब्रिटेन में भी सिख बस चालक से मारपीट
राजा वडिंग ने 18 सितंबर को इंग्लैंड में एक सिख बस चालक के साथ हुई मारपीट की घटना का भी हवाला दिया। उन्होंने कहा कि चालक के साथ मारपीट की घटना के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए हैं। इन घटनाओं ने सिख समुदाय में चिंता पैदा की है।
वडिंग ने विदेश मंत्रालय से दोनों मामलों को अमेरिका और ब्रिटेन की सरकारों के साथ उच्च स्तर पर उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि भारत की ओर से यह स्पष्ट संदेश दिया जाना चाहिए कि विदेशों में रहने वाले सिख नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर सरकार गंभीर है। उन्होंने दोनों घटनाओं की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने की भी मांग की।
