भाजपा-अकाली गठबंधन के बाद पंजाब में कांग्रेस भी कर सकती है गठजोड़, परगट सिंह ने दिए संकेत; हाईकमान लेगा फैसला
भाजपा अकाली गठबंधन के बाद कांग्रेस ने भी गठजोड़ की संभावनाएं खुली रखी हैं। चन्नी ने इसे दिशाहीन बताया, वहीं परगट सिंह ने कहा कि अंतिम फैसला हाईकमान लेगा और युवाओं को मौका मिलेगा।

पंजाब कांग्रेस प्रधान परगट सिंह, पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी व सीनियर नेता।
HighLights
कांग्रेस पंजाब में अन्य दलों से गठबंधन की संभावना तलाश रही है।
पार्टी हाईकमान पंजाब में गठबंधन पर अंतिम निर्णय लेगा।
भाजपा-अकाली गठबंधन को कांग्रेस ने राजनीतिक मजबूरी करार दिया।
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन के बाद पंजाब में चुनावी समीकरणों को लेकर कांग्रेस ने भी गठबंधन की संभावनाओं के दरवाजे खुले रखे हैं। पंजाब कांग्रेस प्रधान परगट सिंह ने बुधवार को स्पष्ट किया कि कांग्रेस पंजाब में अन्य दलों के साथ गठबंधन कर सकती है और इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस संबंध में अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान लेगा। सीपीआई, सीपीएम समेत इंडिया ब्लॉक के अन्य दलों के साथ गठबंधन की संभावनाएं भी बनी हुई हैं। पंजाब कांग्रेस भवन में बुधवार पंजाब कांग्रेस प्रदेश प्रधान परगट सिंह के साथ पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और डॉ. अमर सिंह ने भाजपा-अकाली दल गठबंधन पर निशाना साधा।
नेताओं ने दावा किया कि दोनों दल अपने आंतरिक सर्वे में कमजोर स्थिति में पाए गए हैं और उन्हें अकेले चुनाव लड़ने पर जीत की संभावना कम नजर आई। इसी वजह से दोनों को गठबंधन करना पड़ा। कांग्रेस नेताओं ने इसे राजनीतिक मजबूरी बताते हुए गठबंधन को पंजाब के मुद्दों पर दिशाहीन करार दिया।
यह भी पढ़ें- अकाली दल और भाजपा गठबंधन के बाद बठिंडा जिले में सीटों के बंटवारे पर फंसा पेंच, चुनावी आंकड़ों से समझें समीकरण
जीतने की क्षमता पर मिलेंगे युवाओं को टिकट
परगट सिंह ने कहा कि कांग्रेस चुनाव में पूरी ताकत से मुकाबला करेगी और सरकार बनाएगी। पार्टी युवा चेहरों को टिकट देगी, लेकिन ऐसे युवाओं को प्राथमिकता मिलेगी जिनकी साफ छवि हो और जो चुनाव जीतने की क्षमता रखते हों। पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा की ओर से 60-70 युवाओं को टिकट देने की बात पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी युवाओं को अवसर देगी, लेकिन केवल संख्या के आधार पर टिकट नहीं बांटे जाएंगे।
इस मौके पर कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि अकाली दल में नेताओं के पार्टी छोड़ने से खलबली मची हुई है और भाजपा के साथ गठबंधन से पंजाब के लोग निराश हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि छह साल पहले जिन मुद्दों पर गठबंधन टूटा था, क्या उनका समाधान हो गया है?
चन्नी का अकाली-भाजपा गठबंधन पर हमला
उन्होंने अकाली दल के उस पुराने रुख की भी याद दिलाई जिसमें हिंदू मुख्यमंत्री न बनने देने की बात कही गई थी, जबकि अब सुखबीर सिंह बादल को मुख्यमंत्री चेहरा बनाए जाने की चर्चा है। चन्नी ने आरोप लगाया कि भाजपा पंजाब में अल्पसंख्यकों को कमजोर करना चाहती है और यह गठबंधन राज्य के लिए खतरनाक है।
उन्होंने किसान आंदोलन में 750 से अधिक किसानों की मौत, अकाली-भाजपा सरकार के दौरान भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के मुद्दे उठाते हुए कहा कि इनका जवाब गठबंधन के नेताओं को देना होगा। चन्नी ने आरोप लगाया कि भाजपा केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर मौजूदा जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद नहीं करेगी।
यह भी पढ़ें- श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक हुए हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी, प्रदेश की खुशहाली और शांति के लिए की अरदास
चंडीगढ़, भाखड़ा और स्वामीनाथन रिपोर्ट पर सवाल
डॉ. अमर सिंह ने आम आदमी पार्टी सरकार पर चंडीगढ़ प्रशासन में नियमों के बदलाव, भाखड़ा बांध और अन्य मुद्दों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि मनरेगा को लेकर किए जा रहे बदलावों के बाद क्या योजना फिर शुरू होगी और क्या स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू की जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा और अकाली दल के आंतरिक सर्वे में दोनों दलों की स्थिति कमजोर है और गठबंधन इसी राजनीतिक जरूरत का परिणाम है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।