विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खुद हारे चुनाव, तनखैया और दो जानलेवा हमले... फिर 'बड़े भाई' बने सुखबीर बादल; संघर्ष भरा रहा शिअद प्रमुख का सियासी सफर

Published: Tue, 24 Nov 2026 10:42 PM (IST)

सुखबीर बादल का राजनीतिक सफर हार, विवाद और जानलेवा हमलों के बावजूद संघर्षपूर्ण रहा है। छह साल बाद भाजपा के साथ गठबंधन ने उनके नेतृत्व और शिरोमणि अकाली दल को नई मजबूती दी है।

शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर बादल। फोटो सोशल मीडिया

शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर बादल। फोटो सोशल मीडिया

HighLights

  1. छह साल बाद शिअद-भाजपा गठबंधन से सुखबीर बादल को मिली नई मजबूती।

  2. हार, विवाद, जानलेवा हमलों के बावजूद सुखबीर का संघर्षपूर्ण राजनीतिक सफर।

  3. अकाल तख्त द्वारा तनखैया घोषित, फिर भी सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने गए।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब की राजनीति में 24 नवंबर का दिन अहम रहा। 6 साल बाद दो दल एक साथ आ गए। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और शिरोमणि अकाली दिल (शिअद) के बीच आखिरकार गठबंधन हो गया। शिअद बड़े भाई और बीजेपी छोटे की भूमिका में रहेगी।

वहीं, पंजाब की राजनीति में सुखबीर सिंह बादल का सियासी सफर सत्ता, संघर्ष, विवाद और वापसी की कोशिशों से भरा रहा है। 2009 से 2017 तक आठ साल उपमुख्यमंत्री रहने के बाद 2017 में सत्ता से बाहर हुए सुखबीर के सामने अपनी पार्टी को दोबारा खड़ा करने की चुनौती थी।

कांग्रेस के बाद आम आदमी पार्टी की सरकार बनने और लगातार चुनावी हार के बावजूद उन्होंने शिरोमणि अकाली दल पर अपनी पकड़ कमजोर नहीं होने दी। अब छह साल बाद भाजपा के साथ दोबारा गठबंधन ने उनके राजनीतिक सफर को नया मोड़ मिलेगा। पिता स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल के निधन के बाद अकाली दल की राजनीतिक विरासत और नेतृत्व की पूरी जिम्मेदारी सुखबीर के कंधों पर आ गई।

पार्टी नेतृत्व पर उठने लगे सवाल

हालांकि, पार्टी के कमजोर होते जनाधार के साथ उनके नेतृत्व पर भी सवाल उठने लगे। 2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल महज तीन सीटों पर सिमट गया और सुखबीर खुद जलालाबाद से चुनाव हार गए। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी पार्टी केवल एक सीट जीत सकी। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी बढ़ी और जुलाई 2024 में गुरप्रताप सिंह वडाला के नेतृत्व में अकाली दल सुधार लहर के नाम से अलग धड़ा सामने आया।

2024 में तनखैया घोषित

सुखबीर के लिए सबसे बड़ा संकट अगस्त 2024 में आया, जब श्री अकाल तख्त साहिब ने उन्हें तनखैया घोषित कर दिया। इसके बाद नवंबर 2024 में उन्होंने पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। जनवरी 2025 में पार्टी की वर्किंग कमेटी ने उनका इस्तीफा स्वीकार किया, लेकिन अप्रैल 2025 में वह दोबारा सर्वसम्मति से अकाली दल के अध्यक्ष चुन लिए गए। इससे साफ हुआ कि तमाम विरोध के बावजूद पार्टी संगठन में उनकी पकड़ कायम है।

यह भी पढ़ें- जो बने BJP-अकाली दल गठबंधन के 'संकटमोचक', एलान के वक्त वही गायब; पंजाब में पूर्व CM पर क्यों गहराया सस्पेंस?

दो बार जानलेवा हमला

इस बीच सुखबीर पर दो बार जानलेवा हमले भी हुए। दिसंबर 2024 में अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब के बाहर सेवा करते समय उन पर गोली चलाई गई, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। अगस्त 2026 में महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुद्वारे के बाहर उन पर किरपाण से हमला हुआ, जिसमें वह घायल हो गए। अब भाजपा के साथ गठबंधन ने सुखबीर की राजनीतिक संभावनाओं को नई मजबूती दी है।

यह भी पढ़ें- पंजाब में अकाली दल बना 'बड़ा भाई', क्या है BJP का असली प्लान? CM की कुर्सी छोड़ने की Inside Story

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।