विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 30, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Punjab Politics: कैबिनेट मंत्री निज्जर का इस्तीफा, बुधवार को खुड्डियां और बलकार सिंह लेंगे मंत्री पद की शपथ

By Jagran NewsEdited By: Nidhi Vinodiya
Published: Tue, 30 May 2023 11:12 PM (IST)

पांच बार के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को उनका आखिरी चुनाव हराने वाले गुरमीत सिंह खुड्डियां और जालंधर के संसदीय ...और पढ़ें

प्रकाश सिंह बादल को हराने वाले खुड्डियां और बलकार सिंह बनेंगे मंत्री, निज्जर की होगी छुट्टी
प्रकाश सिंह बादल को हराने वाले खुड्डियां और बलकार सिंह बनेंगे मंत्री, निज्जर की होगी छुट्टी

चंडीगढ़, इन्द्रप्रीत सिंह : पांच बार के मुख्यमंत्री रहे स्व. प्रकाश सिंह बादल को उनका आखिरी चुनाव हराने वाले गुरमीत सिंह खुड्डियां और जालंधर लोकसभा उपचुनाव में पार्टी को जीत दिलाने में भूमिका निभाने वाले आदमपुर के विधायक बलकार सिंह पंजाब के नए मंत्री होंगे।

बुधवार को लेंगे शपथ

उन्हें बुधवार सुबह 11 बजे राजभवन में शपथ दिलाई जाएगी। वहीं, स्थानीय निकाय मंत्री इंदरबीर सिंह निज्जर ने कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले उन्हें कैबिनेट से हटाए जाने की चर्चा थी। निज्जर ने हाल ही में एक मामले में विजिलेंस कार्रवाई पर सवाल उठाए थे।

कैबिनेट में हो सकते हैं 18 मंत्री

भगवंत मान सरकार का बुधवार को होने वाला चौथा कैबिनेट विस्तार है। इस समय कैबिनेट में मुख्यमंत्री को मिलाकर 15 मंत्री हैं। निज्जर के इस्तीफे के बाद यह संख्या 14 रह गई है। कैबिनेट में 18 मंत्रियों को लिया जा सकता है। बुधवार को दो मंत्रियों को कैबिनेट में जगह देने के बावजूद दो मंत्रियों की जगह फिर भी खाली है।

2022 विधानसभा चुनाव के बाद चर्चा में आए थे खुड्डियां

नए मंत्री बनाए जा रहे गुरमीत सिंह खुड्डियां के पिता जगदेव सिंह खुड्डियां भी शिरोमणि अकाली दल अमृतसर से सांसद रहे हैं। 2022 के चुनाव में आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़कर बादल को हराने के बाद गुरमीत सिंह खुड्डियां चर्चा में आए थे। माना जा रहा था कि सत्ता में आते ही बनने वाली कैबिनेट में उनका नाम होगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

हाल ही में जालंधर में हुए उपचुनाव में वरिष्ठ अकाली नेता बिक्रम मजीठिया को आड़े हाथ लेने वाले आदमपुर के विधायक बलकार सिंह को भी मंत्री बनाया जा रहा है।

लालचंद कटारूचक को लेकर नहीं लिया कोई फैसला

यह भी दिलचस्प है कि कैबिनेट विस्तार में सरकार ने इंदरबीर सिंह निज्जर को तो हटा दिया है, लेकिन खाद्य एवं आपूर्ति लालचंद कटारूचक के बारे में कोई फैसला नहीं लिया है जिनका एक अश्लील वीडियो पिछले दिनों सामने आने पर राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने सरकार से कार्रवाई के लिए लिखा था। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने भी उनको लेकर रिपोर्ट मांगी हुई है। विपक्ष भी उन्हें हटाने को लेकर जबरदस्त हमलावर रुख अख्तियार किए हुए है।

यह चौथा कैबिनेट विस्तार

याद हो कि 16 मार्च 2022 को मुख्यमंत्री ने नवांशहर में शपथ ली थी। 22 मार्च को कैबिनेट का गठन करते हुए दस मंत्रियों को शपथ दिलाई। इसी बीच 24 मई को तब के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को एक टेंडर में एक प्रतिशत हिस्सा मांगने के आरोप में उन्हें बर्खास्त कर दिया गया।

कैबिनेट का दूसरा बड़ा विस्तार चार जुलाई को किया गया जब अमन अरोड़ा, इंदरबीर निज्जर, फौजा सिंह सरारी, चेतन सिंह जौड़ा माजरा और अनमोल गगन मान को शपथ दिलवाई गई। सात जनवरी को बागवानी मंत्री फौजा सिंह सरारी ने इस्तीफा दे दिया और उनकी जगह डा. बलबीर सिंह को कैबिनेट में लिया गया।

चेतन सिंह जौड़ामाजरा को दे दिया था स्वास्थय विभाग

स्वास्थ्य विभाग जो कि विजय सिंगला को बर्खास्त करने के बाद चेतन सिंह जौड़ामाजरा को दे दिया था, यह विभाग उनसे वापस ले लिया, क्योंकि बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी के वीसी डा. राज बहादुर के साथ दुर्व्यवहार के चलते सरकार की काफी बदनामी हुई। उनकी जगह डा. बलबीर सिंह को स्वास्थ्य विभाग सौंपा गया।