Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    पंजाब के वित्त मंत्री ने जड़े आरोप, योजनाओं के नाम पर लोगों का निजी डाटा इकट्ठा कर रही भाजपा, इससे वोट चोरी करेगी

    Updated: Fri, 22 Aug 2025 07:57 PM (IST)

    वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भाजपा पर वोट और निजी डेटा चोरी का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा केंद्रीय योजनाओं के नाम पर लोगों का डेटा इकट्ठा कर रही है जिसका इस्तेमाल वोट चोरी और बैंक खातों से पैसे चुराने में किया जा सकता है। चीमा ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव और दिल्ली में हुई वोट चोरी का हवाला दिया।

    Hero Image
    वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि भाजपा देश में वोट चोरी करके आगे बढ़ रही है।

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भाजपा पर वोट चोरी के साथ-साथ लोगों का निजी डेटा चोरी करने का आरोप लगाया है। पंजाब भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए चीमा ने कहा कि भाजपा केंद्रीय योजनाओं के नाम पर लोगों का निजी डेटा इकट्ठा कर रही है। इस डेटा का प्रयोग वह वोट चोरी के लिए करेगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वहीं लोगों के बैंक खातों से पैसे भी चुराए जा सकते हैं। वहीं, चीमा ने इस सवाल का जवाब नहीं दिया कि आम आदमी पार्टी राहुल गांधी द्वारा लगाए जा रहे वोट चोरी के दावों का समर्थन करती हैं या विरोध। चीमा ने कहा कि भाजपा देश में वोट चोरी करके आगे बढ़ रही है।

    चंडीगढ़ मेयर चुनाव में वोट चोरी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा वोट चोरी में नंबर एक पर पहुंच गई है। भाजपा ने दिल्ली में बड़े पैमाने पर वोट चुराए और अब बिहार में भी वोट चोरी की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में भी इसी मकसद से लोगों का निजी डेटा इकट्ठा किया जा रहा है।

    उन्होंने कहा कि पर्सनल डेटा एक्ट 2023 के अनुसार, किसी की निजी जानकारी इकट्ठा करना कानूनी अपराध है, लेकिन भाजपा कैंप लगाकर लोगों से आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य निजी जानकारी इकट्ठा कर रही है। इस डेटा का इस्तेमाल बाद में वोट काटने के लिए किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि जिस तरह से भाजपा ने व्यक्तिगत डेटा इकट्ठा करने का काम शुरू किया है, उससे भविष्य में बड़े फर्जीवाड़े सामने आएंगे। क्या भाजपा नेता इसकी जिम्मेदारी लेंगे। भाजपा नेताओं की नजरबंदी के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

    चीमा ने कहा कि राज्य सरकार घर-घर जाकर स्टांप और सेवा केंद्रों के माध्यम से लोगों को करीब 440 सेवाएं दे रही है, यह भाजपा की राज्य सरकार को बदनाम करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को जीएसटी लागू होने के बाद हुए 60 हजार करोड़ रुपये के नुकसान की भरपाई करनी चाहिए।

    भाजपा द्वारा दिल्ली में 2100 रुपये देने की घोषणा के जरिए महिलाओं का डेटा एकत्रित करने के आरोप को चीमा ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने कभी भी दिल्ली में डेटा एकत्रित नहीं किया।