यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 05, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Asian Games: एशियाई खेलों में पंजाब का शानदार प्रदर्शन, 15 से अधिक जीते पदक, खेल मंत्री मीत हेयर ने दी बधाई
चीन में हो रहे एशियन गेम्स (Asian Games) में पंजाब के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। राज्य ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़: हांगजू में चल रहे एशियाई खेलों में पंजाब के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। खेलों में 15 से अधिक पदक हासिल किए हैं। तीरंदाजी के महिला कंपाउंड टीम मुकाबले में स्वर्ण पदक जीता, जिसमें पंजाब के मानसा जिले के गांव मंढाली की प्रनीत कौर अहम सदस्य थी।
खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि पंजाब के लिए गौरव की बात है कि एशियाई खेलों के 72 वर्षों के इतिहास में पंजाब के खिलाड़ियों ने इस बार हांगजू में अपना सर्वोत्तम प्रदर्शन करते कुल 16 पदक जीत लिए हैं। जबकि, पुरुष हॉकी और पुरुष क्रिकेट के मुकाबले बाकी हैं। इससे पहले पंजाब के खिलाड़ियों ने 1951 में नई दिल्ली में पहले एशियाई खेलों में कुल 15 पदक जीते थे।
.jpg)
58 खिलाड़ियों को मिलेंगे कुल 4.64 करोड़ रुपये
मीत हेयर ने कहा कि पंजाब को खेल के नक्शे में अग्रणी राज्य बनाने के सपने को पूरा करने वाले खिलाड़ी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि नई खेल नीति के अंतर्गत सरकार की ओर से पहली बार तैयारी के लिए इनाम राशि दी गई, जिसके अंतर्गत 58 खिलाड़ियों को 8 लाख रुपये प्रति खिलाड़ी के हिसाब के साथ कुल 4.64 करोड़ रुपये इनाम राशि दी गई। उन्होंने कहा कि अब सभी खेल दलों की वापसी के उपरांत सभी पदक विजेता खिलाड़ियों का नकद इनाम राशि के साथ सम्मानित करेंगे।
खेल मंत्री ने दी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं
खेल मंत्री ने विजेताओं को मुबारकबाद देते हुए हॉकी और क्रिकेट खिलाड़ियों को अगले मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने आज तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाली पंजाब की प्रनीत कौर को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धियों का श्रेय इनके कोचों और माता-पिता को दिया।
20 खिलाड़ियों ने जीते 16 पदक
राज्य के 20 खिलाड़ियों ने अब तक एथलेटिक्स, निशानेबाज़ी, तीरंदाजी, क्रिकेट, रोइंग और बैडमिंटन में छह स्वर्ण, छह रजत और चार कांस्य पदकों के साथ कुल 16 पदक जीते हैं। बीते कल पंजाब की हरमिलन बैंस ने 1500 मीटर के बाद 800 मीटर में भी रजत पदक जीता था। मंजू रानी ने 35 किलोमीटर पैदल दौड़ टीम मुकाबले में कांस्य पदक जीता था।