पंजाब में 10000000 रुपये जीतने का मौका, मोबाइल पर देनें होंगे जवाब; पढ़ें करोड़पति बनने का पूरा प्रोसीजर
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 'पंजाब दा करोड़पति' प्रतियोगिता का पोर्टल लॉन्च किया, जिसमें 15-30 साल के युवा एक करोड़ रुपये जीत सकते हैं।

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
मुख्यमंत्री मान ने 'पंजाब दा करोड़पति' पोर्टल लॉन्च किया
15-30 साल के युवा एक करोड़ रुपये जीत सकते हैं
प्रतियोगिता सरकारी नौकरी परीक्षाओं की तैयारी में सहायक
रोहित कुमार, चंडीगढ़। टेलीविजन पर अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठकर करोड़पति बनने का सपना देखने वालों के लिए अब पंजाब में भी ऐसा ही एक अनूठा मौका मिलने जा रहा है। फर्क सिर्फ इतना है कि यहां सवालों का जवाब किसी स्टूडियो में बैठकर नहीं, बल्कि मोबाइल और पोर्टल के माध्यम से देना होगा।
पंजाब के युवा अब ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तर्ज पर ‘पंजाब दा करोड़पति’ प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर एक करोड़ रुपये जीत सकते हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को इस महत्वाकांक्षी प्रतियोगिता का पोर्टल लॉन्च किया।
इस प्रतियोगिता में 15 से 30 साल तक के युवा हिस्सा ले सकेंगे। खास बात यह है कि इसमें केवल मनोरंजन और इनाम जीतने का ही मौका नहीं होगा, बल्कि युवाओं की पढ़ाई और सरकारी नौकरियों की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी होगी। यानी सवालों के जवाब देते-देते युवा अपनी जानकारी बढ़ा सकेंगे और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी खुद को तैयार कर सकेंगे।
11 राउंड में तय होगा करोड़पति का सफर
‘पंजाब दा करोड़पति’ प्रतियोगिता कुल 11 राउंड में होगी। पहले नौ राउंड ऑनलाइन होंगे। इनमें प्रतिभागियों को पोर्टल पर दिए गए सवालों के जवाब देने होंगे। सवाल कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर चार विकल्पों के साथ पूछे जाएंगे। हर सही जवाब के साथ प्रतिभागी अगले चरण की ओर बढ़ेंगे और आगे के राउंड में सवालों का स्तर भी बदलता जाएगा।
दसवां और ग्यारहवां राउंड ऑफलाइन यानी आमने-सामने होगा। दसवें राउंड में जिला स्तर पर मुकाबले होंगे। पंजाब के सभी 23 जिलों के प्रतिभागियों के बीच प्रतियोगिता कराई जाएगी। प्रत्येक जिले के शीर्ष प्रतिभागी ग्रैंड फिनाले में पहुंचेंगे, जहां एक करोड़ रुपये के विजेता का फैसला होगा।
एक करोड़ के साथ चार को 10-10 लाख रुपये
प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण इसका इनामी ढांचा है। फाइनल जीतने वाले प्रतिभागी को एक करोड़ रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं चार उपविजेताओं को 10-10 लाख रुपये मिलेंगे।
इसके अलावा प्रतियोगिता में शीर्ष रैंक हासिल करने वाले 10 हजार प्रतिभागियों को भी पुरस्कार दिए जाएंगे। यानी ग्रैंड फिनाले तक नहीं पहुंच पाने वाले युवाओं के लिए भी इनाम जीतने का मौका रहेगा।
पंजाब का इतिहास, विरासत और भूगोल भी पूछे जाएंगे
इस प्रतियोगिता में सवालों का दायरा भी काफी बड़ा रखा गया है। करीब 50 हजार सवालों का प्रश्न बैंक तैयार किया गया है। इनमें पंजाब के इतिहास, संस्कृति, विरासत, गणित, भौगोलिक नक्शे और पंजाब सरकार से संबंधित विषयों को शामिल किया गया है। सवालों का स्तर अलग-अलग रैंक के हिसाब से होगा। जैसे-जैसे प्रतिभागी अगले राउंड में पहुंचेंगे, सवाल भी बदलते और कठिन होते जाएंगे।
इस प्रतियोगिता की एक और खासियत यह है कि इसमें बड़ी संख्या में ऐसे सवाल शामिल किए गए हैं, जो सरकारी नौकरियों की भर्ती परीक्षाओं में पूछे जाते हैं।
पटवारी, पुलिस कांस्टेबल, पीसीएस, एसडीओ सहित विभिन्न सरकारी पदों की परीक्षाओं के सवाल भी इसमें शामिल किए गए हैं। ऐसे में युवा खेल-खेल में अपनी तैयारी को परख सकेंगे।
स्कूल-कॉलेजों और अभिभावकों से रजिस्ट्रेशन कराने की अपील
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पोर्टल लॉन्च करते हुए स्कूलों और कॉलेजों के शिक्षकों के साथ अभिभावकों से भी अपील की कि वे अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण करवाएं। उन्होंने कहा कि यह युवाओं के लिए सीखने, अपनी जानकारी बढ़ाने और इनाम जीतने का अनूठा अवसर है। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को मनोरंजन के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को संदेश दिया कि वे ‘पंजाब दा करोड़पति’ में हिस्सा लें, पंजाब से जुड़े सवालों के जवाब दें, अपना ज्ञान बढ़ाएं और पुरस्कार जीतें। पोर्टल लॉन्च होने के साथ ही प्रतियोगिता की जानकारी और आगे की प्रक्रिया ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।