विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में AAP विधायक मनविंदर ग्यासपुरा ने अकाल तख्त में मांगी माफी, तनखैया घोषित होने के बाद स्वीकार की गलती

Published: Sat, 14 Nov 2026 12:10 PM (GMT+05:30)

आम आदमी पार्टी के विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने 'तनखैया' घोषित होने के एक माह बाद श्री अकाल तख्त साहिब से माफी मांगी है।

AAP विधायक मनविंदर ग्यासपुरा और श्री अकाल तख्त साहिब से फैसला सुनाते जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह और सिंह साहिबान। फोटो जागरण

AAP विधायक मनविंदर ग्यासपुरा और श्री अकाल तख्त साहिब से फैसला सुनाते जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह और सिंह साहिबान। फोटो जागरण


HighLights

  1. ग्यासपुरा ने अकाल तख्त से अपने बयानों के लिए माफी मांगी

  2. एक माह पहले उन्हें 'तनखैया' घोषित किया गया था

  3. धार्मिक सजा भुगतने के लिए विधायक ने समय की मांग की

जागरण संवाददाता, अमृतसर। श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से तनखैया घोषित किए गए आम आदमी पार्टी के विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने एक माह बाद अपने बयानों के लिए माफी मांग ली है।

पायल से विधायक ग्यासपुरा ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज को पत्र लिखकर अपनी गलती स्वीकार की है। साथ ही उन्होंने धार्मिक सजा (तनखाह) भुगतने के लिए समय मांगा है।

16 अक्टूबर को तनखैया घोषित किया

गौरतलब है कि 16 अक्तूबर को पांच सिंह साहिबान की बैठक में मनविंदर सिंह ग्यासपुरा को तनखैया घोषित किया गया था। उन पर श्री हरिमंदिर साहिब के सेवादारों पर जातिगत भेदभाव के आरोप लगाने और सिख संस्थाओं व धार्मिक शख्सियतों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप था।

दरअसल, 12 अक्तूबर को आम आदमी पार्टी के कुछ विधायक और नेता श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में ज्ञापन देने पहुंचे थे। प्रतिनिधिमंडल में मनविंदर सिंह ग्यासपुरा भी शामिल थे, लेकिन उन्हें सचिवालय में प्रवेश नहीं मिला।

इसके बाद उन्होंने आरोप लगाया था कि दलित समुदाय से संबंध रखने के कारण उन्हें अंदर जाने से रोका गया है। उन्होंने इस घटनाक्रम को जातिगत भेदभाव से जोड़ते हुए सवाल उठाए थे।

वहीं श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय ने उनके आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया था कि उन्हें जाति के आधार पर प्रवेश से नहीं रोका गया, बल्कि सिख संस्थाओं और जत्थेदार के खिलाफ पहले की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के कारण प्रवेश नहीं दिया गया था। सचिवालय ने कहा था कि जाति, नस्ल या रंग के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाता।

12 विधायक अकाल तख्त पहुंचे थे

इसके बाद 16 अक्तूबर को आम आदमी पार्टी के करीब 12 विधायक श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय पहुंचे थे। उन्होंने लिखित स्पष्टीकरण में माना था कि 12 अक्तूबर को ग्यासपुरा के जातिगत भेदभाव संबंधी आरोपों का उन्होंने सार्वजनिक रूप से विरोध नहीं किया था। विधायकों ने ग्यासपुरा के बयानों से खुद को अलग करते हुए उन्हें उनका निजी विचार बताया और अपनी गलती के लिए माफी मांगी थी।

पांच सिंह साहिबान की बैठक में ग्यासपुरा को तनखैया घोषित करते हुए संगत को निर्देश दिया गया था कि जब तक वह श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश होकर धार्मिक सजा भुगतने की प्रक्रिया पूरी नहीं करते, तब तक उनसे मेलजोल न रखा जाए।

ग्यासपुरा की ओर से माफी मांगने और धार्मिक सजा भुगतने के लिए समय मांगने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से तय की जाएगी।

यह भी पढ़ें- अमृतपाल सिंह के आने की कोई सूचना नहीं, जेल प्रशासन ने नहीं दिया नोटिस; टल सकता है दादी का अंतिम संस्कार

यह भी पढ़ें- पंजाब में 10 साल की सेवा पूरी करने वाले कॉन्ट्रैक्ट असिस्टेंट प्रोफेसर्स होंगे परमानेंट, हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।