विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में कांग्रेस टिकट के दावेदार ध्यान दें! सचिन पायलट ने बताया वितरण का नया फॉर्मूला, नहीं चलेगा दबाव

By Dr. Sumit Singh SheoranEdited By: Anuj Sharma
Published: Tue, 20 Oct 2026 03:17 PM (IST)

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस प्रभारी ने टिकट वितरण का नया फॉर्मूला स्पष्ट किया है। सिफारिश के बजाय साफ छवि, मेहनत और जीत की क्षमता को आधार बनाया जाएगा।

पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट।

पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट।

HighLights

  1. टिकट वितरण में जमीनी जुड़ाव और मेहनत को प्राथमिकता।

  2. साफ छवि और चुनाव जीतने की क्षमता वाले उम्मीदवार।

  3. युवा नेताओं को आगे बढ़ाने पर रहेगा विशेष जोर।

डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में टिकटों को लेकर अभी से सियासी हलचल तेज होने लगी है। इस बीच पार्टी के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने टिकट वितरण को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। पायलट ने एक इंटरव्यू में कहा कि टिकट के लिए किसी नेता से नजदीकी, दोस्ती या दबाव काम नहीं आएगा।

पार्टी में उन्हीं नेताओं को प्राथमिकता मिलेगी, जो जमीन से जुड़े हों, मेहनती हों, जिनकी छवि साफ हो और जिनमें चुनाव जीतने की क्षमता हो। खास तौर पर युवाओं को आगे बढ़ाने पर उनका जोर रहेगा।

पायलट ने कहा कि टिकट का फैसला जीतने की संभावना और योग्यता को ध्यान में रखकर होगा। कई बार यह धारणा बन जाती है कि किसी नेता का करीबी होने या किसी प्रभावशाली व्यक्ति से संबंध होने के कारण टिकट मिल जाएगा। लेकिन पंजाब के 2027 विधानसभा चुनाव में ऐसे समीकरणों के बजाय उम्मीदवार की मेहनत, उसकी छवि और जनता के बीच उसकी पकड़ को महत्व दिया जाना चाहिए।

पायलट के मुताबिक चुनाव में उम्मीदवार का मेहनती होना और उसकी छवि बेदाग होना बेहद जरूरी है। पार्टी को ऐसे लोगों पर भरोसा करना चाहिए, जो जनता के बीच लगातार सक्रिय रहते हैं और अपने काम के दम पर चुनाव जीत सकते हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली महारैली से पहले एक्टिव हुई प्रदेश कांग्रेस, ब्लॉक और बूथ स्तर तक चलेगा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान

युवाओं को आगे बढ़ाने पर रहेगा जोर

पायलट ने युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की पैरवी करते हुए कहा कि वह व्यक्तिगत तौर पर युवा नेताओं को आगे बढ़ाने के पक्ष में हैं। उनके अनुसार, युवाओं में बदलाव लाने का जज्बा और कुछ कर दिखाने का संकल्प होता है। हालांकि, टिकट देने का अंतिम फैसला पार्टी का होगा, लेकिन योग्य युवा चेहरों को अवसर देने की कोशिश मेरी तरफ से की जाएगी।

यह भी पढ़ें- राहुल के बाद 'कैप्टन अंकल' की पायलट ने भी की तारीफ, कांग्रेस में घर वापसी को लेकर क्या है पूर्व CM अमरिंदर सिंह का रुख?

मजबूत टीम के बिना जीत संभव नहीं

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह और अपनी पंजाब की टीम को लेकर पायलट ने कहा कि चुनाव किसी एक व्यक्ति के दम पर नहीं जीता जाता। इसके लिए मजबूत टीम जरूरी है। जब तक पार्टी के नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर काम नहीं करेंगे, तब तक जीत हासिल करना आसान नहीं होगा।

पंजाब में कांग्रेस के सामने गुटबाजी से निपटने और चुनावी संगठन को मजबूत करने की चुनौती है। ऐसे में पायलट का टिकट के दावेदारों के लिए साफ है, सिर्फ राजनीतिक पहुंच नहीं, बल्कि जनता के बीच पकड़, साफ छवि, मेहनत और जीतने की क्षमता ही उनकी दावेदारी को मजबूत बनाएगी।

यह भी पढ़ें- अमित शाह का पंजाब दौरा LIVE: गुरदासपुर में विक्रमजीत के परिवार से मिले, मानसा में परविंदर झोटा के घर भी जाएंगे