गुलजार सिंह मामले में कांग्रेस करेगी प्रदर्शन, 15 सितंबर को सड़कों पर उतरेंगे नेता; सचिन पायलट भी रहेंगे मौजूद
पंजाब कांग्रेस 15 सितंबर को गुलजार सिंह मौत मामले को लेकर बड़ा प्रदर्शन करेगी। नए प्रभारी सचिन पायलट समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता इसमें शामिल होकर सरकार पर दबाव बनाएंगे।

पंजाब प्रभारी सचिन पायलट।
HighLights
सचिन पायलट 15 सितंबर को पंजाब कांग्रेस प्रदर्शन में होंगे शामिल।
गुलजार सिंह मामले में वित्त मंत्री चीमा पर कार्रवाई की मांग।
कांग्रेस सरकार पर दबाव बनाने के लिए आंदोलन तेज करेगी।
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव सचिन पायलट अपने पहले पंजाब दौरे के दौरान 15 सितंबर को पार्टी के बड़े प्रदर्शन में शामिल होंगे। संगरूर के गुलजार सिंह की मौत के मामले को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर दबाव बनाने के लिए अब आंदोलन को प्रदेश स्तर पर और तेज करने की तैयारी की है।
इस प्रदर्शन में पंजाब कांग्रेस के सभी प्रमुख नेताओं और वरिष्ठ पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। गुलजार सिंह मामले को लेकर पंजाब कांग्रेस लगातार आम आदमी पार्टी सरकार को घेर रही है। कांग्रेस का आरोप है कि गुलजार सिंह ने क्षेत्र में नशे की समस्या को लेकर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से सवाल उठाए थे और इसके बाद उन पर दबाव बनाया गया।
कांग्रेस ने चीमा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, उन्हें पद से हटाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने मामले में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जबकि कांग्रेस लगातार वित्त मंत्री की भूमिका की जांच की मांग कर रही है।
यह भी पढ़ें- कमान संभालने के बाद सचिन पायलट आ रहे पंजाब, श्री हरिमंदिर साहिब से दौरे की शुरुआत संभव; गुटबाजी होगी खत्म!
वड़िंग ने की थी गुलाजर सिंह के परिवार से मुलाकात
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता गुलजार सिंह के परिवार से मुलाकात कर चुके हैं। चन्नी और सुखजिंदर सिंह रंधावा समेत वरिष्ठ नेताओं ने भी राज्यपाल से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग उठाई है। इससे स्पष्ट है कि गुटबाजी से जूझ रही पंजाब कांग्रेस इस मुद्दे पर सामूहिक रूप से सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी में है।
यह भी पढ़ें- कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी की चर्चाओं पर बोले सचिन पायलट, कहा- हाईकमान से नहीं हुई कोई बातचीत
सचिन पायलट का पंजाब दौरा महत्वपूर्ण
15 सितंबर का प्रदर्शन सचिन पायलट के पंजाब प्रभारी बनने के बाद उनके पहले दौरे का महत्वपूर्ण राजनीतिक कार्यक्रम माना जा रहा है। पायलट के दौरे में संगठन को मजबूत करने के साथ वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा भी प्रस्तावित है। ऐसे में गुलजार सिंह मामले को लेकर होने वाला प्रदर्शन कांग्रेस के लिए सरकार के खिलाफ एकजुटता दिखाने का भी अवसर होगा।
बीते 8 सितंबर को भी पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह के अगुवाई में चंडीगढ़ में पंजाब सरकार के खिलाफ सुरक्षा व्यवस्था और महंगाई भत्ते जैसे मुद्दों को लेकर बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया था। दस हजार से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस रोष प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। सचिन पायलट के सोमवार शाम तक या मंगलवार सुबह तक चंडीगढ़ पहुंचने की उम्मीद है।
