पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की पहली लिस्ट जल्द, 40 उम्मीदवारों को मिल सकती है जगह; आज होगी अहम बैठक
पंजाब कांग्रेस 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है, जिसके तहत चंडीगढ़ में महत्वपूर्ण समितियों की बैठकें हो रही हैं। पार्टी जल्द ही 35-40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने की तैयारी में है।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह और प्रभारी सचिन पायलट (जागरण आर्काइव)
HighLights
कांग्रेस की चुनावी कमेटियों की चंडीगढ़ में महत्वपूर्ण बैठकें
35-40 उम्मीदवारों की पहली सूची जल्द जारी होने की उम्मीद
मेरिट और जीत की संभावना पर आधारित होगा उम्मीदवारों का चयन
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को पंजाब कांग्रेस भवन, चंडीगढ़ में घोषणा पत्र (मेनिफेस्टो) कमेटी, को-ऑर्डिनेशन कमेटी और चुनाव समिति की बैठकें होंगी।
सभी चुनावी कमेटियों के गठन के बाद यह पहली बड़ी बैठक है। इसमें चुनावी रोडमैप, उम्मीदवारों के चयन और प्रचार अभियान की दिशा पर चर्चा होगी।
बैठक में पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, डॉ. अमर सिंह, डॉ. धर्मवीर गांधी समेत सांसद, विधायक, पूर्व विधायक और कमेटियों के सदस्य शामिल होंगे।
सूत्रों के अनुसार, दिनभर बैठकें चलेंगी। नेता चुनावी हलकों में उम्मीदवारों की स्थिति, जीत की संभावना, स्थानीय समीकरणों और प्रचार अभियान पर सुझाव देंगे।
कांग्रेस हाईकमान और पंजाब कांग्रेस उम्मीदवारों के चयन के लिए अलग-अलग स्तर पर सर्वे और फीडबैक ले रहे हैं। पहले चरण में करीब 35 से 40 सीटों पर उम्मीदवार घोषित करने की तैयारी है।
पार्टी उन क्षेत्रों से शुरुआत करना चाहती है जहां टिकट को लेकर ज्यादा विवाद या दावेदारी नहीं है और उम्मीदवार की स्थिति स्पष्ट है।
सांसदों की टिकट पर दूसरी लिस्ट में फैसला होने की संभावना
सांसदों की टिकट पर दूसरी सूची में फैसला होने की संभावना है। जीत की संभावना के आधार पर कुछ नेताओं के परिवार के सदस्यों को भी टिकट देने पर विचार हो सकता है।
उम्मीदवारों को लेकर सर्वे ऑनलाइन, ऑफलाइन, जमीनी स्तर और टेलीफोन के जरिए किया गया है। पंच, सरपंच, जिला प्रधान और अन्य पदाधिकारियों से भी राय ली जा रही है। कुछ क्षेत्रों में पांच से छह दावेदार हैं, जिससे चयन में मुश्किल हो सकती है।
डॉ. अमर सिंह की अध्यक्षता में घोषणा पत्र कमेटी की बैठक होगी। इसमें पंजाब के विभिन्न हिस्सों से मिले सुझावों और संगठनों की मांगों पर चर्चा होगी।
कांग्रेस 20 दिसंबर तक घोषणा पत्र को अंतिम रूप देने की तैयारी में है। डॉ. अमर सिंह के मुताबिक, अब तक 150 से अधिक एसोसिएशन और संगठनों से मेमोरेंडम और सुझाव मिले हैं।
मेरिट पर मिलेगी टिकट सचिन पायलट
सचिन पायलट ने कहा कि बैठक में वरिष्ठ नेता चुनावी रणनीति और उम्मीदवारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। चयन मेरिट, फीडबैक और जीत की संभावना के आधार पर होगा। सभी नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
परगट सिंह ने कहा कि हाईकमान के निर्देश पर ग्राउंडवर्क शुरू हो चुका है और सर्वे लगभग पूरा है। 10-15 दिन में प्रक्रिया पूरी कर पहली सूची जारी होने की उम्मीद है। चुनावी अभियान चार नवंबर को राहुल गांधी की संगरूर रैली के साथ शुरू हो चुका है। बैठक में सभी कमेटी सदस्य शामिल होंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।