विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में पायलट और परगट की जोड़ी करेगी कमाल? कल से शरू होगा कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, 5000 कार्यकर्ता पहुंचेंगे

By Dr Sumit Singh SheoranEdited By: Prince Sharma
Published: Wed, 07 Oct 2026 11:31 AM (GMT+05:30)

पंजाब कांग्रेस ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में एकजुटता का अभियान अमृतसर से शुरू किया है।

पंजाब में कांग्रेस का होगा शक्ति प्रदर्शन (जागरण ग्राफिक्स)

पंजाब में कांग्रेस का होगा शक्ति प्रदर्शन (जागरण ग्राफिक्स)

HighLights

  1. पंजाब कांग्रेस 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी

  2. अमृतसर से 8 अक्टूबर को चुनावी अभियान की शुरुआत

  3. सचिन पायलट और परगट सिंह करेंगे नेतृत्व

डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस अब संगठन को एकजुट कर विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को जमीन पर उतारने की तैयारी में जुट गई है। पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट और नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस का नया अभियान 8 अक्टूबर को अमृतसर से शुरू होगा।

दोनों नेता दिल्ली से पंजाब पहुंचेंगे। अमृतसर में श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने के साथ पार्टी के चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत होगी। इस दौरान सचिन पायलट और परगट सिंह को छोड़कर पंजाब कांग्रेस के लगभग सभी प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे।

चार दिन का कार्यक्रम तय

कांग्रेस ने इसके बाद नेताओं के लिए चार दिन का कार्यक्रम तय किया है। 8 अक्टूबर को अमृतसर, 9 अक्टूबर को चिंतपूर्णी, 10 अक्टूबर को जालंधर और 11 अक्टूबर को चंडीगढ़ में कार्यक्रम होंगे।

पार्टी की कोशिश है कि इन कार्यक्रमों के जरिए गुटों में बटी नजर आ रही कांग्रेस को एक मंच पर लाया जाए और आगामी चुनाव के लिए सामूहिक नेतृत्व का संदेश दिया जाए।

11 अक्टूबर को संभालेंगे प्रदेश अध्यक्ष की कमान

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह 11 अक्टूबर को चंडीगढ़ के सेक्टर-15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में औपचारिक रूप से पदभार संभालेंगे।

पदभार ग्रहण समारोह को कांग्रेस बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में आयोजित करने की तैयारी कर रही है। इसमें 5000 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं के पहुंचने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- पंजाब के मोहाली में कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, डॉग स्क्वाड के साथ मौके पर पहुंची पुलिस

कार्यक्रम में पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल के अलावा पूर्व सांसद, विधायक, वरिष्ठ नेता और सभी जिला प्रभारी शामिल होंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, पदभार ग्रहण समारोह के बाद कांग्रेस का अगला फोकस राष्ट्रीय नेताओं के पंजाब दौरे पर रहेगा।

अक्टूबर के दूसरे या तीसरे सप्ताह में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य बड़े नेताओं के पंजाब दौरे की तैयारी शुरू होगी। इन दौरों के जरिए कांग्रेस चुनावी माहौल बनाने के साथ संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की रणनीति पर काम करेगी।

साइकिल रैली और बस यात्रा पर भी मंथन

पंजाब कांग्रेस के नेताओं की ओर से प्रदेश में साइकिल रैली निकालने का सुझाव भी दिया गया है। इस पर पार्टी स्तर पर मंथन चल रहा है। इसके अलावा कांग्रेस की बस यात्रा पहले से प्रस्तावित है, जिसे अमृतसर से शुरू कर प्रदेश के अलग-अलग जिलों तक ले जाने की योजना है।

कांग्रेस की रणनीति साफ है कि 2027 के चुनाव से पहले सभी वरिष्ठ नेताओं को एक मंच पर लाकर सामूहिक नेतृत्व और एकजुट कांग्रेस का संदेश जनता तक पहुंचाया जाए। पार्टी अब संगठनात्मक गतिविधियों के साथ बड़े जनसंपर्क कार्यक्रमों के जरिये पंजाब में अपने चुनावी अभियान को गति देने की तैयारी में है।

यह भी पढ़ें- 'सरकार दूसरे राज्य के वेतनमान अपनाने के लिए बाध्य नहीं', हिमाचल हाई कोर्ट का फैसला; कहा- यह नीतिगत निर्णय