विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के CM को दिल्ली एयरपोर्ट पर 3 घंटे तक रोका, ₹50000 का काटा चालान; AAP ने कहा- यह मुख्यमंत्री और पंजाबियत का अपमान

Published: Wed, 21 Oct 2026 03:14 PM (IST)

आप के बलतेज पन्नू ने आरोप लगाया है कि पेरिस से लौटते समय पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को दिल्ली ...और पढ़ें

पंजाब सीएम भगवंत मान (फाइल फोटो)

पंजाब सीएम भगवंत मान (फाइल फोटो)

HighLights

  1. सीएम मान को दिल्ली एयरपोर्ट पर तीन घंटे रोका गया

  2. पेरिस से वापसी पर ₹50,000 का बेतुका चालान काटा

  3. आप ने केंद्र सरकार पर पंजाब विरोधी होने का आरोप लगाया

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने केंद्र की मोदी सरकार की पंजाब-विरोधी चालों की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार पंजाब तथा पंजाबियत को नीचा दिखाने का कोई भी मौका हाथ से नहीं जाने देती।

पन्नू ने बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पेरिस से वापसी पर दिल्ली एयरपोर्ट पर जान-बूझकर तीन घंटे रोके रखा गया और उसके बाद 50000 रुपये का बेतुका चालान भी काट दिया गया, जो कि पंजाब के अस्तित्व और सम्मान पर सीधा हमला है।

बलतेज पन्नू ने केंद्र सरकार की पंजाब-विरोधी नीतियों की फेहरिस्त गिनाते हुए कहा कि चाहे दिल्ली की सीमाओं पर डेढ़ साल तक किसानों को जबरन बैठाकर रखना हो, या पंजाब के हक के फंड रोककर रखने हों, केंद्र सरकार हर स्तर पर पंजाब का गला घोंटने की कोशिश करती रही है।

सीएम मान को नहीं दी विदेश यात्रा की इजाजत: बलतेज पन्नू

पन्नू ने कहा कि अब तक कम से कम चार बार पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को विदेश यात्रा की इजाजत इसलिए नहीं दी गई क्योंकि मोदी सरकार को डर है कि अगर मुख्यमंत्री विदेश गए तो वहां से निवेश और फंड लाकर पंजाब को तरक्की की राह पर ले जाएंगे।

पन्नू ने बताया कि जब मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब-हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुसार पेरिस (फ्रांस) की यात्रा की, जहां वे विश्व के दूसरे सबसे बड़े फूड फेस्टिवल में पंजाब के मशहूर राजमा और सफेद चने (छोले) जैसे उत्पाद लॉन्च करने गए थे, तो वहां भी केंद्र सरकार ने अपनी संकीर्ण मानसिकता का सबूत दिया।

माननीय उच्च न्यायालय ने स्पष्ट आदेश दिए थे कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को उनका बनता प्रोटोकॉल दिया जाए, लेकिन केंद्र की बदनीयती देखिए कि पेरिस में कौंसलेट जनरल (महावाणिज्य दूत) तक मुख्यमंत्री साहब से मिलने नहीं आया।

यह भी पढ़ें- लुधियाना में पार्किंग विवाद में गई ड्राइवर की जान, गोली लगने से हुई मौत; पत्नी बोली- रात दोस्त ले गए थे साथ

जान-बूझकर तीन घंटे तक रोका: पन्नू

पन्नू ने कहा कि केंद्र सरकार की खीझ और बदनीयती यहीं नहीं रुकी। जब मुख्यमंत्री भगवंत मान पेरिस से वापस लौटकर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे तो उन्हें जान-बूझकर तीन घंटे रोककर रखा गया।

बहानेबाजी यह की गई कि "आपका सामान अभी आ रहा है", "आपका सामान अभी चेक किया जा रहा है", जो कि सरासर झूठ और पंजाब की तौहीन है।

पन्नू ने बताया कि तीन घंटे के बाद जब मुख्यमंत्री भगवंत मान को जाने दिया गया और सामान गाड़ी में रखकर जाने लगे, तो उसी समय अधिकारी पीछे दौड़कर आए और कहा कि उन पर "ऊपर से बहुत प्रेशर" है और 50,000 रुपये का चालान काट दिया गया। यह बात खुद अधिकारियों ने स्वीकार की कि उन पर दबाव है, जो यह साबित करता है कि यह सब कुछ ऊपर से आए आदेशों के तहत किया गया।

क्या किसी सीएम को तीन घंटे तक रोका गया है: बलतेज पन्नू

बलतेज पन्नू ने सवाल खड़ा करते हुए कहा कि क्या आज तक भारत के किसी राज्य के मुख्यमंत्री को इस तरह एयरपोर्ट पर तीन घंटे रोके रखा गया है? क्या आज तक किसी राज्य के मुख्यमंत्री का 50,000 रुपये का चालान काटकर उसे अपमानित किया गया है? यह सिर्फ और सिर्फ इसलिए हो रहा है क्योंकि भगवंत मान पंजाबी हैं, पंजाब के मुख्यमंत्री हैं और पंजाब की बेहतरी के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।

पन्नू ने तीखे शब्दों में कहा कि मोदी सरकार पंजाब की तरक्की से खौफजदा है। केंद्र सरकार नहीं चाहती कि पंजाब किसी भी मामले में प्रगति करे, या पंजाब का भला सोचने वाला कोई मुख्यमंत्री पंजाबियों को मिले। केंद्र सरकार हर तरह से अड़ंगे लगा रही है, हर तरह की रुकावटें खड़ी कर रही है, लेकिन पंजाब के स्वाभिमान को कोई दबा नहीं सकता।

यह भी पढ़ें- पंजाब में 24 लाख बुजुर्गों की पेंशन के लिए अब तक 2507 करोड़ रुपये जारी, सरकार ने 4000 करोड़ रुपये का रखा बजट