पंजाब में 24 लाख बुजुर्गों की पेंशन के लिए अब तक 2507 करोड़ रुपये जारी, सरकार ने 4000 करोड़ रुपये का रखा बजट
पंजाब सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत सितंबर 2026 तक 2507.98 करोड़ रुपये जारी किए हैं, जिससे 24.07 लाख बुजुर्गों को लाभ मिला है।

पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान (फाइल फोटो)
HighLights
पंजाब में 2507 करोड़ रुपये की वृद्धावस्था पेंशन जारी
24 लाख से अधिक बुजुर्गों को मिला योजना का लाभ
वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 4000 करोड़ रुपये का बजट
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में बुजुर्गों को आर्थिक सहायता देने के लिए पंजाब सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत सितंबर 2026 तक 2507.98 करोड़ रुपये जारी किए हैं।
इससे राज्य के 24.07 लाख बुजुर्गों को लाभ मिला है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 के लिए इस योजना के तहत 4000 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।
मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र बुजुर्ग तक पेंशन का लाभ पहुंचाना है, ताकि उन्हें आर्थिक सुरक्षा के साथ सम्मानजनक जीवन जीने में मदद मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को आवेदनों का सत्यापन तेजी से करने और पात्र लाभार्थियों को समय पर पेंशन उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।
65 वर्ष के पुरुष, 58 वर्ष की महिलाएं पात्र डॉ. बलजीत कौर के अनुसार, 65 वर्ष या इससे अधिक आयु के पुरुष और 58 वर्ष या इससे अधिक आयु की महिलाएं योजना का लाभ ले सकती हैं।
वार्षिक आय 60 हजार से अधिक नहीं होनी चाहिए
इसके लिए वार्षिक पारिवारिक आय 60,000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारियों को पात्र बुजुर्गों की पहचान करने, आवेदन प्रक्रिया में सहायता देने और प्रशासनिक बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए।
साथ ही पंचायतों, शहरी निकायों और सामाजिक संगठनों से भी पात्र लोगों तक योजना की जानकारी पहुंचाने की अपील की। मंत्री ने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बुजुर्गों के आत्मसम्मान और सामाजिक सुरक्षा का माध्यम है। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र बुजुर्ग इस लाभ से वंचित न रहे।
