विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अकाली-भाजपा गठबंधन पर भड़का विपक्ष, केजरीवाल बोले- सत्ता के लिए आए साथ; कांग्रेस नेताओं ने कसा डूबती नैया का तंज

Published: Tue, 24 Nov 2026 03:17 PM (IST)

भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के दोबारा गठबंधन पर आप और कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। अरविंद केजरीवाल, प्रताप सिंह बाजवा और परगट सिंह ने इसे दिशाहीन और अवसरवादी राजनीति करार दिया।

अरविंद केजरीवाल, परगट सिंह और प्रताप सिंह बाजवा।

अरविंद केजरीवाल, परगट सिंह और प्रताप सिंह बाजवा।

HighLights

  1. विपक्ष ने भाजपा-अकाली गठबंधन को सत्ता के लिए अवसरवादी समझौता कहा।

  2. केजरीवाल ने कहा, ये दल सत्ता के लिए कभी भी साथ आते हैं।

  3. कांग्रेस ने किसानों के मुद्दों पर गठबंधन से जवाब मांगा।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब में भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के दोबारा गठबंधन का एलान होते ही विपक्षी दलों ने तीखा हमला बोल दिया है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने इस राजनीतिक मिलाप को सत्ता के लिए किया गया समझौता और अवसरवादी राजनीति करार दिया है। विपक्षी नेताओं का दावा है कि पंजाब की जनता इस गठबंधन को पूरी तरह खारिज कर देगी।

हालांकि, शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि यह महज राजनीतिक गठबंधन नहीं, बल्कि एक भावनात्मक जुड़ाव है। अपने स्वर्गीय पिता का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि अकाली दल और भाजपा का रिश्ता नाखून व मांस का है, जो पंजाब, देश और सिख समुदाय के हित में है। उन्होंने कहा कि इस लंबे साथ ने प्रदेश में शांति, भाईचारा और तरक्की को बढ़ावा दिया है। लेकिन, विपक्ष इस गठबंधन पर निशाना साध रहा है।

यह भी पढ़ें- 'अकाली दल से होगा सीएम चेहरा', पंजाब में BJP-SAD गठबंधन के बाद अमित शाह का बड़ा एलान

ये कभी भी एक साथ आ जाते हैं

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन पर कहा-

देखिए हम लोगों का अलायंस तो पंजाब की मावा-धीयां के साथ है। हम लोगों का अलायंस पंजाब के SC समाज के साथ है। हम लोगों का अलायंस पंजाब के किसानों के साथ है। हम लोगों का अलायंस पंजाब के व्यापारियों के साथ है। ये लोग सत्ता के लिए कभी एक साथ आ जाते हैं, कभी अलग हो जाते हैं, कभी एक साथ आ जाते हैं। हम लोग पंजाब के विकास के लिए काम कर रहे हैं और पूरा पंजाब देख रहा है कि किस तरह से पिछले 5 साल में भगवंत मान साहब ने मेहनत करके पंजाब को फिर से ठीक करने की कोशिश की, जो उन्होंने पिछले 70-75 साल में उसको बर्बाद किया था।

मुद्दे अभी भी वहीं के वहीं

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने कहा कि वे उन दोनों को शुभकामनाएं देना चाहता हैं। लेकिन मुद्दे अभी भी वही हैं। असली मुद्दे ये हैं कि किसानों के साथ क्या हुआ, पंजाब के साथ क्या किया गया और बादल परिवार ने क्या किया। यह सिर्फ दिशाहीन और अवसरवादी राजनीति है और वे इसे पूरी तरह से खारिज करते हैं।

उनका कहना था- ये लोग पंजाब के लिए भला क्या कर सकते हैं? केंद्र में पिछले 10 सालों से सत्ता में रही सरकार ने देश की सभी संस्थाओं को बर्बाद कर दिया है। वे पंजाब के लिए कुछ भी अच्छा नहीं कर सकते। अब जनता को सोचना और तय करना है। आखिरकार, फैसला तो जनता को ही लेना है।

लेकिन पूरी ईमानदारी और विनम्रता के साथ बात रखना और सच बताना चाहते हैं। इसके बाद जनता अपना फैसला लेगी। हालाँकि, लगता है कि इस बार जनता का मूड न सिर्फ अकाली दल के, बल्कि बीजेपी के भी खिलाफ है।

यह भी पढ़ें- पंजाब चुनाव 2027: भाजपा-अकाली दल साथ आए, 8 दिसंबर की मोगा रैली में दिखेगी NDA की ताकत

पंजाब में दोनों का सियासी गणित शून्य

शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के दोबारा गठबंधन पर पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां अपनी डूबती राजनीतिक नैया बचाने के लिए फिर साथ आई हैं, लेकिन पंजाब में इस गठबंधन का नतीजा शून्य ही रहेगा। बाजवा ने सुखबीर सिंह बादल से सवाल किया कि किसानों के मुद्दों पर भाजपा का रुख आखिर बदला क्या है।

बाजवा ने कहा कि अकाली दल ने सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों के विरोध और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी समेत किसानों के मुद्दों पर भाजपा से गठबंधन तोड़ा था। हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा भी दिया था।

अब उसी भाजपा के साथ दोबारा गठबंधन करने पर सुखबीर बादल को बताना चाहिए कि क्या किसानों की मांगें मान ली गई हैं और न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी मिल गई है या राजनीतिक मजबूरियां किसान हितों पर भारी पड़ गई हैं।

अग्निवीर योजना का भी उठा मुद्दा

प्रताप सिंह बाजवा ने सुखबीर बादल को अग्निवीर योजना समाप्त कराने और सेना में नियमित भर्ती बहाल करवाने की मांग केंद्र के सामने रखने की चुनौती दी। बाजवा ने वाघा-अटारी सीमा के रास्ते व्यापार बहाल करने और करतारपुर गलियारे सहित पंजाब के व्यापारिक संपर्क मजबूत करने को लेकर भी अकाली दल से जवाब मांगा।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने के दावे पर सवाल उठाते हुए बाजवा ने कहा कि भाजपा को नशा तस्करी के बड़े गिरोहों, उनके आर्थिक स्रोतों और अंतरराज्यीय व अंतरराष्ट्रीय तस्करी के रास्तों पर अब तक की कार्रवाई का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता पुराने गठबंधन की नाकामियों को भूली नहीं है और चुनावी वादों से अब उसका विश्वास नहीं जीता जा सकता।

यह भी पढ़ें- 6 साल की दूरी के बाद आसान होगा वोट ट्रांसफर! पंजाब चुनाव 2027 में अकाली-भाजपा गठबंधन की असली परीक्षा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।