पंजाब चुनाव 2027: भाजपा-अकाली दल साथ आए, 8 दिसंबर की मोगा रैली में दिखेगी NDA की ताकत
गुरुपर्व पर भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन का औपचारिक ऐलान हो गया। 8 दिसंबर को मोगा में होने वाली पहली संयुक्त रैली में प्रधानमंत्री भी शामिल होंगे।

भाजपा कार्यालय दिल्ली में नितिन नवीन और सुखबीर बादल मुलाकात करते हुए।
HighLights
भाजपा और अकाली दल ने 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन किया।
8 दिसंबर को मोगा रैली में पीएम मोदी भी होंगे शामिल।
गठबंधन का लक्ष्य नशामुक्त पंजाब और विकास को बढ़ावा देना।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। गुरुपर्व के अवसर पर भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों दलों के मिलकर चुनाव लड़ने की घोषणा की। गठबंधन के ऐलान के साथ ही अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने 8 दिसंबर को मोगा में होने वाली रैली को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की जयंती पर मोगा में रैली होगी और इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी शामिल होंगे। गठबंधन के बाद यह दोनों दलों की पहली बड़ी संयुक्त राजनीतिक गतिविधि होगी।
सुखबीर बादल ने गठबंधन की वापसी को अपने पिता प्रकाश सिंह बादल और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की ओर से 1996 में शुरू किए गए रिश्ते की पुनर्वापसी बताया। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल 106 साल पुरानी पार्टी है और देश की आजादी में इसका बड़ा योगदान रहा है। गरीबों, मजलूमों और मजदूरों के मुद्दों पर पार्टी हमेशा आवाज उठाती रही है। इमरजेंसी के दौरान विरोध का पहला मोर्चा भी अकाली दल ने लगाया था।
उन्होंने कहा कि यह रिश्ता राजनीतिक गठबंधन से बढ़कर परिवार की तरह था। उन्हें खुशी है कि दोनों दल फिर एक साथ आए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिस तरह उनके पिता ने पंजाब में अमन-शांति बनाए रखी, भाईचारे को कायम रखा और सभी धर्मों के लोगों को साथ लेकर चले, उसी तरह वह भी पंजाब की सेवा करेंगे।
यह भी पढ़ें- 'अकाली दल से होगा सीएम चेहरा', पंजाब में BJP-SAD गठबंधन के बाद अमित शाह का बड़ा एलान
पंजाब को गैंगस्टर और ड्रग माफिया से बचाने की बात
सुखबीर बादल ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारों पर पंजाब को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में पांच साल कांग्रेस और पांच साल आम आदमी पार्टी की सरकार रही, लेकिन प्रदेश में विकास नहीं हुआ। उनके अनुसार पंजाब में गैंगस्टर और ड्रग माफिया का राज चल रहा है। व्यापारियों और आम लोगों के मन में डर पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जवानी, किसानी और मजदूरों को बचाने तथा व्यापारियों के मन से डर खत्म करने की जरूरत है।
सुखबीर ने कहा कि पंजाब के किसानों के कई मसले हैं और सिख कौम के भी बड़े मुद्दे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने भरोसा दिलाया है कि बैठकर इन सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सीमावर्ती राज्य है और देश की सुरक्षा में यहां के किसानों और सैनिकों ने हमेशा अहम भूमिका निभाई है।
महाराजा रणजीत सिंह का सुशासन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि महाराजा रणजीत सिंह ने न्याय और सुशासन का जो मंत्र दिया था, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल मिलकर उस संदेश को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने हिंदू-सिख एकता का उल्लेख करते हुए कहा कि 1675 में गुरु तेग बहादुर जी ने कश्मीरी पंडितों की रक्षा और धार्मिक स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। दोनों पार्टियां गुरु साहिबान के बलिदान और उनके संदेश को लेकर समाज और पंजाब की जनता के बीच जाएंगी।
नवीन ने कहा कि गठबंधन नशामुक्त पंजाब बनाने, युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार देने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और विकासमुखी सरकार बनाने का संकल्प लेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सिख समाज के सम्मान और पंजाब के विकास के लिए लगातार योगदान दिया है।
यह भी पढ़ें- पंजाब की सियासत में उलटफेर: 6 साल बाद फिर साथ आएंगे BJP और अकाली दल! 2027 चुनाव के लिए सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तैयार
31 दिसंबर 2029 तक नशामुक्त पंजाब का लक्ष्य
अमित शाह ने कहा कि पंजाब से नशे और भ्रष्टाचार का उन्मूलन तथा राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करना गठबंधन के प्रमुख लक्ष्य होंगे। उन्होंने दावा किया कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि किसानों की समस्याओं, पंजाब के आर्थिक विकास और युवाओं के रोजगार को लेकर नितिन नवीन और सुखबीर बादल के बीच तीन महीने तक चर्चा के बाद रोडमैप तैयार किया गया है। एनडीए की सरकार बनने पर इसी के आधार पर काम किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।