थमे बसों के पहिए, सड़कों पर सन्नाटा... परविंदर झोटा की हत्या के बाद पंजाब बंद का जबरदस्त असर; हिरासत में कई नेता
मानसा में परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के बाद आज पंजाब बंद का व्यापक असर दिख रहा है, जिससे सड़कें सुनसान और बाजार बंद हैं।

परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद पंजाब में बंद का असर (जागरण ग्राफिक्स)
HighLights
मानसा हत्याकांड के बाद पंजाब में आज बंद का आह्वान
सड़कें सुनसान, बाजार बंद; बस सेवाएं भी प्रभावित हुईं
किसान संगठनों और व्यापार मंडल ने बंद का समर्थन किया
डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। मानसा में परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के बाद आज के लिए पंजाब में बंद का आह्वान किया गया था। इस बीच सूबे में सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं और बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। इस प्रदर्शन को हर वर्ग समर्थन दे रहा है।
फाजिल्का में पंजाब बंद के आह्वान के समर्थन में व्यापार मंडल, किसान और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बाजार बंद रखने का फैसला लिया है।
शहर में फिलहाल दुकानें बंद हैं और यह बंद दोपहर एक बजे तक रहेगा। वहीं, विभिन्न संगठनों की ओर से सुबह 10:30 बजे शहर के बाजारों में रोष मार्च निकाला जाएगा, जो डीसी कार्यालय पहुंचेगा।

जालंधर में किसानों के रोष प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने किसान नेताओं को घर में ही नजर बंद कर लिया। जंडियाला के निकटवर्ती गांव पुलिस ने प्रधान कुलविंदर सिंह मछियाणा को डिटेन किया
वहीं, फिरोजपुर में बंद का समर्थन करने वाले वंचित समाज से संबंधित नेता दीप दशनानंद और मिसल सतलुज के पदाधिकारी मान सिंह किली को फिरोजपुर पुलिस ने सुबह सवेरे उनके घरों से हिरासत में ले लिया। दोनों नेताओं की ओर से पंजाब बंद का पूर्ण समर्थन करते हुए धरना देने का एलान किया गया था।
किसान नेता भी समर्थन में आए
इस समर्थन को किसानों को भी सपोर्ट मिल रहा है। किसान मजदूर संघर्ष समिति के नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि सभी यूनियनों ने पंजाब के लोगों से अपील की है कि वे ड्रग माफिया के खिलाफ आज के 'पंजाब बंद' को सफल बनाएं। किसान मजदूर संघर्ष समिति ने पूरे पंजाब में जिला मुख्यालयों पर बंद का आह्वान किया है, और हमें उम्मीद है कि यह बंद सफल रहेगा। आपातकालीन सेवाएं चालू रहनी चाहिए। हमारा विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण होना चाहिए, और किसी को भी कोई गड़बड़ी नहीं करनी चाहिए।
स्कूलों में दिखा असर
बंद के मद्देनजर कई निजी स्कूलों ने भी बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीती रात अभिभावकों को मैसेज भेजकर आज छुट्टी की सूचना दी थी।
हालांकि, सरकारी स्कूल आम दिनों की तरह खुले हुए हैं। वहीं, जिला फाजिल्का केमिस्ट एसोसिएशन ने भी बंद का समर्थन किया है। इसके तहत दवाइयों की दुकानें सुबह 11 बजे तक बंद रहेंगी। इसके बाद केमिस्ट दुकानें खोल देंगे, ताकि मरीजों को दवाइयां लेने में परेशानी न हो।

रेलों पर नहीं कोई असर
पंजाब बंद को लेकर रेल यातायात पर अभी तक कोई असर नहीं है। रेल परिवहन पहले की तरह सामान्य रूप से संचालित है। लेकिन दूसरी तरफ बसें न चलने से सड़क मार्ग प्रभावित हो गया है। क्योंकि महज 10 फीसदी बसें ही चल रही हैं। इनमें भी लॉन्ग रूट की बसें शामिल हैं।
सड़क मार्ग प्रभावित होने के बाद बस यात्रियों का रुख रेल पर देखा जा सकता है। ऐसे में स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ भी देखी जा सकेगी।
बसें प्रभावित
कई शहरों में सरकारी और प्राइवेट दोनों बसें बंद हैं। वहीं, बठिंडा में सभी प्राइवेट बस बंद हैं, लेकिन सरकारी बसें चल रही हैं। तरनतारन में पंजाब बंद का सुबह से जीवासर दिखने को मिला है। शहर के बोहड़ी चौक में पुलिस तैनात है जबकि सभी दुकानें बंद है। यहां बसों की आवाजाही भी कम है।
फरीदकोट में बाजार अभी तक पूरी तरह बंद है। आम लोगों द्वारा समर्थन दिखाई दे रहा है जबकि आम दिनों में अब तक दुकानें खुलनी शुरू हो जाती हैं। दूसरी और बसें चल रही हैं लेकिन सभी स्कूल भी जिले में बंद है।
