जालंधर में आज किसान करेंगे अमृतसर-दिल्ली हाईवे पर रोष प्रदर्शन, सरवन सिंह पंढेर की अपील- प्रोटेस्ट को सफल बनाएं
भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर जालंधर और अन्य संगठन आज अमृतसर-दिल्ली हाईवे पर नशीले पदार्थों के बढ़ते चलन और एक कार्यकर्ता की हत्या के विरोध में प्रदर्शन करेंगे।
HighLights
किसान अमृतसर-दिल्ली हाईवे पर आज करेंगे प्रदर्शन
नशीले पदार्थों के बढ़ते चलन, कार्यकर्ता हत्या का विरोध
किसान मजदूर संघर्ष समिति ने बुलाया 'पंजाब बंद'
जागरण संवाददाता,जालंधर। भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर जालंधर और अन्य जत्थेबंदियों की ओर से वीरवार को सुबह अमृतसर-दिल्ली हाईवे पर रोष प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रधान कुलविंदर सिंह मछियाना ने बताया कि यह रोष प्रदर्शन जालंधर के नजदीक मैकडोनल्ड के पास अमृतसर-दिल्ली हाईवे पर आयोजित होगा। प्रदर्शन सुबह 10 बजे शुरू होगा। इसके लिए सभी किसान साथियों और समर्थकों से अपील की गई है कि वे सुबह 10 बजे तक मौके पर पहुंचना सुनिश्चित करें।
वहीं, नशीले पदार्थों के बढ़ते चलन और नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में बुलाए गए 'पंजाब बंद' पर, किसान मजदूर संघर्ष समिति के नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि सभी यूनियनों ने पंजाब के लोगों से अपील की है कि वे ड्रग माफिया के खिलाफ आज के 'पंजाब बंद' को सफल बनाएं।
किसान मजदूर संघर्ष समिति ने पूरे पंजाब में जिला मुख्यालयों पर बंद का आह्वान किया है, और हमें उम्मीद है कि यह बंद सफल रहेगा। आपातकालीन सेवाएं चालू रहनी चाहिए। हमारा विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण होना चाहिए, और किसी को भी कोई गड़बड़ी नहीं करनी चाहिए।
