विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब विधानसभा का सत्र आज से शुरू, परविंदर सिंह झोटा मामले में सरकार को घेरने की तैयारी; सदन में हंगामे के आसार

Published: Thu, 22 Oct 2026 08:41 AM (IST)

पंजाब विधानसभा का सत्र आज से शुरू हो रहा है, जिसमें विपक्ष परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड और अन्य मुद्दों पर मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग करेगा।

पंजाब विधानसभा सत्र आज से होगा शुरू (फाइल फोटो)

पंजाब विधानसभा सत्र आज से होगा शुरू (फाइल फोटो)

HighLights

  1. विपक्ष परविंदर झोटा हत्याकांड पर मुख्यमंत्री का इस्तीफा मांगेगा

  2. नशे, भ्रष्टाचार, अवैध खनन जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा जाएगा

  3. मतदाता सूची पुनरीक्षण पर प्रस्ताव, दोनों पक्षों का समर्थन संभव

रमनजीत सिंह मणकू, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा का वीरवार से शुरू हो रहा सत्र इस बार हंगामेदार रहने के आसार हैं। नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने जहां स्पष्ट कर दिया है कि वह मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में उसके परिवार की मांग के मुताबिक मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के इस्तीफे की मांग करेंगे।

इसके अलावा विपक्ष ने राज्य सरकार को नशे, सीबीआई द्वारा दर्ज किए गए भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दों व होशियारपुर में ‍अवैध खनन जैसे मुद्दो को प्रमुखता से उठाने की रणनीति बनाई है। वहीं, दूसरी तरफ सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने भी विपक्ष के हर सवाल का जवाब आंकड़ों के तहत देने की कमर कस ली है।

27 तक दिन चलेगा सत्र

22 से 27 अक्टबूर तक चलने वाले सत्र के दौरान विपक्ष की रणनीति को भांपते हुए आम आदमी पार्टी द्वारा बुधवार को ही विधायकों को युद्ध नशे के विरुद्ध, गैंग्सटरां ते वार और राज्य में लगातार हो रही नशे की बरामदगी के आंकड़े उपलब्ध करवाए हैं। दो मंत्रियों को देश के विभिन्न राज्यों में नशे के आंकड़ों से अवगत करवाया गया है।

इसके साथ ही सीबीआई और ईडी के कथित झूठे मामलों का ब्यौरा तेज-तर्रार मंत्रियों को सौंपकर आक्रामक तरीके से विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए कहा गया है।

भले ही सत्र का पहला दिन गैर सरकारी कामकाज के लिए तय किया गया है, लेकिन संभावना है कि प्रश्नकाल और शून्यकाल के दौरान ही विपक्ष अपनी रणनीति के तहत मुद्दे उठाएगा और इसी को ध्यान में रखकर सत्तापक्ष द्वारा तैयार की है।

जानकारी के मुताबिक सत्र के पहले दिन की बैठक के दौरान श्रद्धांजलियां अर्पित करने के साथ-साथ तीन ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, विभिन्न विभागों की वार्षिक रिपोर्टें पेश करने का कामकाज किया जाना है।

एसआइआर के खिलाफ लाया जाएगा प्रस्ताव

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पहले दिन एक वरिष्ठ विधायक द्वारा राज्य में हाल ही में संपन्न हुए मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के खिलाफ प्रस्ताव पेश किया जाएगा, जिसमें मांग की गई है कि पंजाब विधानसभा सर्वसम्मति के साथ उक्त प्रस्ताव पास करे कि आगामी विधानसभा चुनाव, एसआइआर होने से पहले मौजूद मतदाता सूचियों के मुताबिक कराया जाए। इसका कारण राज्य में एसआइआर के नाम पर लाखों वोट काट दिए गए हैं, जिसका मतदान पर असर पड़ेगा।

हालांकि यह प्रस्ताव विपक्ष से जुड़े एक विधायक द्वारा लाया जाना है, लेकिन प्रस्ताव का विषय ऐसा है, जिस पर सत्तापक्ष से भी इस प्रस्ताव को समर्थन हासिल होने की संभावना है। इसीलिए यह प्रस्ताव काफी अहम रहेगा।

यह भी पढ़ें- Punjab Weather: फरीदकोट में 36 डिग्री पहुंचा पारा, मौसम बदलने के बाद भी रातें गर्म!

यह भी पढ़ें- Punjab OPD List: अस्पतालों में वीरवार को कौन-से डॉक्टर रहेंगे उपलब्ध, जारी हुआ ओपीडी का शेड्यूल