Punjab Election 2022- मनीष बंसल को बरनाला से जितवाना चंडीगढ़ कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल, लगाई नेताओं की ड्यूटी
Punjab Assembly Election 2022 पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल बरनाला के साथ लगते गांव तपा के मूल निवासी हैं। इसलिए बंसल ने अपने बेटे को यहां से उम्मीदवार बनाया है। मनीष बंसल का यह पहला चुनाव है। मनीष बंसल अपने समर्थकों के साथ बरनाला रवाना हो गए हैं।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। मनीष बंसल शहर के पहले ऐसे नेता होंगे जो कि चंडीगढ़ से बाहर जाकर चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल के बेटे मनीष बंसल को पंजाब की बरनाला सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। टिकट घोषित होते ही मनीष बंसल अपने समर्थकों के साथ बरनाला रवाना हो गए हैं। बरनाला में बंसल के कई प्रभावशाली रिश्तेदार रहते हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल भी जल्द बरनाला में पहुंचकर चुनाव प्रचार की कमना संभालेंगे। इसके साथ ही मनीष बंसल को जितवाना चंडीगढ़ कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा पर सवाल बन गया है।
मनीष बंसल ने नगर निगम चुनाव में कई नेताओं को टिकट दिलवाई और उनके लिए प्रचार किया। दिसंबर में होने वाले नगर निगम चुनाव में मनीष बंसल ने अहम भूमिका निभाई थी। जब कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार आए थे तो मनीष उनके साथ ही रहे और शहर की कई जनसभाओं को संबोधित किया। ऐसे में चंडीगढ़ कांग्रेस के नेता मनीष बंसल को जितवाने के लिए अभी से प्रयास कर रहे हैं। मनीष बंसल ने चंडीगढ़ के अपने सभी जानकारों को भी मैसेज भेजकर कहा कि अगर उनके जानकारी बरनाला में रहते हैं तो उन्हें संपर्क करके वोट डलवाएं। कांग्रेस के कई नेता मनीष बंसल को अगले लोकसभा चुनाव के लिए भी चंडीगढ़ से दावेदार बता रहे थे।
गांव तपा के मूल निवासी हैं पवन बंसल
कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल बरनाला के साथ लगते गांव तपा के मूल निवासी हैं। इसलिए बंसल ने अपने बेटे को यहां से उम्मीदवार बनाया है। मनीष बंसल का यह पहला चुनाव है। मनीष को टिकट मिलते ही चंडीगढ़ कांग्रेस ने नेताओं की बैठक बुला ली है जिसमे बरनाला में चुनाव प्रचार करने की जिम्मेवारी दी जाएगी। नेताओं की टीमें गठित की गई हैं। मालूम हो कि पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल के दो बेटे हैं जो कि व्यवसायी हैं। मनीष छोटे बेटे हैं।
प्रत्याशी घोषित होने के दस मिनट बाद पोस्टर रिलीज
मनीष बंसल को पार्टी ने सोमवार शाम उम्मीदवार घोषित किया था। उसके दस मिनट बाद ही बंसल ने पोस्टर रिलीज कर दिया था। ऐसे में मनीष बंसल पहले से आश्वासत थे कि उन्हें टिकट मिलेगी।मनीष बंसल की सारी शिक्षा चंडीगढ़ में ही हुई है।वह पिछले एक साल से समय समय बरनाला जा रहे थे। कांग्रेस के प्रदेश सचिव जतिंदर सिंह धामी का कहना है कि मनीष बंसल काफी सूझवान और युवा नेता हैं। उनका कहना है कि चंडीगढ़ कांग्रेस से कई कार्यकर्ता और नेता बरनाला जाकर मोर्चा संभालेंगे। मनीष के जीतने से चंडीगढ़ कांग्रेस का कद भी बढ़ेगा।मनीष बंसल बरनाला की सूरत बदल देंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।