पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ की छात्रा डा. शताक्षी ने मिस साउथ एशिया वर्ल्ड का खिताब जीता
शताक्षी ने बताया कि उन्हें मिस रेडियंट ब्यूटी और टैलेंट राउंड की सेकेंड रनरअप का ताज भी मिला है। वह कई शूटिंग का हिस्सा रह चुकी हैं उसके साथ-साथ जज पैनल में सेलेब्रिटी गेस्ट भी रह चुकी है। उन्हें मुंबई में सम्मानित किया गया।
चंडीगढ़, जेएनएन। पंजाब यूनिवर्सिटी के मास्टर्स इन पब्लिक हेल्थ फर्स्ट सेमेस्टर की छात्रा डॉ. शताक्षी ने मिस साउथ एशिया वर्ल्ड 2020 का खिताब जीता। शताक्षी पीयू के होम्योपैथिक मेडिसिन कॉलेज एंड हॉस्पिटल से स्नातक कर चुकी हैं। कोरोना महामारी के चलते इस वर्ष मिस साउथ एशिया वर्ल्ड 2020 का आयोजन वर्चुअल माध्यम से हुआ था। शताक्षी ने सभी के समक्ष अंतरराष्ट्रीय स्तर (यूएसए) पर भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होने अन्य देशों के प्रतिभागियों के साथ प्रतिस्पर्धा में भाग लिया और अपने हूनर से क्राउन पर कब्जा किया।
शताक्षी के नाम यह भी उपलब्धियां
शताक्षी ने बताया कि उन्हें मिस रेडियंट ब्यूटी और टैलेंट राउंड की सेकेंड रनरअप का ताज भी मिला है। वह कई शूटिंग का हिस्सा रह चुकी हैं, उसके साथ-साथ जज पैनल में सेलेब्रिटी गेस्ट भी रह चुकी है। उन्हें मुंबई में सम्मानित किया गया, जहां महाराष्ट्र के मंत्री और बॉलीवुड हस्तियां मौजूद थीं। शताक्षी ने 2018 में पहले पेजेंट मिस पंजाब में भाग लिया था। 2019 में मिस नॉर्थ इंडिया का टाइटल भी जीत चुकी हैं। शताक्षी ने बताया कि वह हमेशा से एक राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेना चाहती थी, जिस वजह से उन्होने 2019 में ईवा इंडिया में भी भाग लिया था। उन्हें ईवा इंडिया में सेकेंड रनरअप और मिस ब्यूटीफुल आइज के रूप में ताज पहनाया गया।
जीवन हमेशा एक जैसा नहीं होता
शताक्षी ने कहा कि जीवन हमेशा एक जैसा नहीं होता। नीचे गिरना जीवन का एक हिस्सा है और वापस ऊपर उठना उससे भी सुखद अनुभव। उन्होंने कहा की डाक्टर होने के बावजूद उन्हें नृत्य पसंद है। खेलों में समान रूप से सक्रिय होने के कारण उन्होंने घुड़सवारी में कई पदक जीते हैं और कई सौंदर्य प्रतियोगिताओं का हिस्सा रही हैं।