चंडीगढ़ से पंचकूला-मनीमाजरा जाने वाले जाम में नहीं फसेंगे, सेक्टर-26 से शास्त्री नगर तक बनेगा पुल
चंडीगढ़ प्रशासन सेक्टर-26 टी-जंक्शन से शास्त्री नगर तक नया पुल बनाएगा। 500 मीटर लंबा यह पुल मनीमाजरा को सेक्टर-26 से जोड़ेगा और ट्रैफिक जाम से राहत दिलाएगा। हरियाणा सचिवालय आईटी पार्क से आने वाले वाहनों के कारण ट्रैफिक बढ़ जाता है जिसे कम करने के लिए यूटी प्रशासन ने यह फैसला लिया है। पुल का काम जल्द शुरू होगा।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ से सेक्टर-26 पुलिस लाइन के पिछली रोड़ से पंचकूला और मनीमाजरा जाने वालों के लिए अच्छी खबर है। यूटी प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग ने सेक्टर-26 टी-जंक्शन से शुरु होकर शास्त्री नगर तक एक नया पुल बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है।
यह नया पुल करीब 500 मीटर का होगा और इसकी चौड़ाई करीब 27-28 मीटर होगी। यह पुल मनीमाजरा को सेक्टर-26 से जोड़ेगा। इस संबंध में हाल ही में यूटी हेरिटेज कंजर्वेशन कमेटी की हुई बैठक में प्रस्ताव पेश किया गया था, जिसमे कमेटी की ओर से मंजूरी दे दी है।
सुबह-शाम लगता है कई किलोमीटर लंबा जाम
बीते कुछ वर्षों में सुबह स्कूल और आफिस के घंटों में इस एरिया में भारी ट्रैफिक के कारण भारी जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। मनीमाजरा और पंचकूला के साथ ही हरियाणा सचिवालय, आइटी पार्क, पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट से आने वाले वाहनों के कारण ट्रैफिक काफी बढ़ जाती है। जिससे कई किलोमीटर तक जाम जैसी स्थिति रहती है।
चंडीगढ़ के मास्टर प्लान-2031 में प्लान शामिल
यूटी प्रशासन की ओर से इस एरिया में ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए यह प्लान तैयार किया गया है। यह प्रस्ताव चंडीगढ़ के मास्टर प्लान-2031 में भी पहले शामिल किया गया था। इस साल के अंत तक इस पुल पर काम शुरु होने की उम्मीद है। जल्द ही इसके लिए टेंडर भी जारी कर दिया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।