Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चंडीगढ़ बर्ड पार्क में अब देखिए शुतुरमुर्ग और पेंग्विन, आएंगे 70 से ज्यादा नए पक्षी, 5 दिन खुलता है पार्क

    By Jagran NewsEdited By: Ankesh Thakur
    Updated: Sat, 08 Oct 2022 10:44 AM (IST)

    चंडीगढ़ बर्ड पार्क में नए पक्षियों की एंट्री होने वाली है। बर्ड पार्क में पर्यटकों के लिए अब ज्यादा पक्षी देखने को मिलेंगे। फारेस्ट एंड वाइल्ड लाइफ डिपार्टमेंट बर्ड में नए एग्जाटिक बर्डस लाने जा रहा है ।

    Hero Image
    नवंबर 2021 में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द की पत्नी सविता कोविन्द ने बर्ड पार्क का उद्घाटन किया था।

    जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ बर्ड पार्क में जल्द ही आप नए मेहमान परिंदों से मिल सकेंगे। बर्ड पार्क पहले से ज्यादा पक्षियों का आशियाना बनने जा रहा है। अब यहां आप छोटे पक्षियों से ही नहीं बल्कि बड़े आकार वाले शुतुरमुर्ग को भी देख सकेंगे। इसके अलावा अंटार्टिक जैसे बर्फीले एरिया में रहने वाले जीव पेंग्विन को भी चंडीगढ़ में ही देख सकेंगे। फारेस्ट एंड वाइल्ड लाइफ डिपार्टमेंट बर्ड में नए एग्जाटिक बर्डस लाने जा रहा है। नवंबर 2021 में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द की पत्नी सविता कोविन्द ने बर्ड पार्क का उद्घाटन किया था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह पार्क करीब 6.5 एकड़ जमीन पर बनाया गया है। इसमें 20 प्रजातियों के अभी करीब 900 पक्षी हैं। इनमें चीन का सवान, अमेरिका के लव बर्डस, ग्रीन विंग मकाओ, ब्लू गोल्ड मकाओ, रेनबो लारीकीट्स जैसे पक्षी देख सकते हैं। अब यहां पक्षियों की प्रजाति बढ़ाने की तैयारी है।

    पेंग्विन के लिए बनाया जाएगा ग्लास एक्वेरियम

    बताया जा रहा है कि पेंग्विन अत्यंत ठंडे इलाके में बर्फ के बीच माइनस तापमान में रहता है। अहमदाबाद में शीशे के अंदर बड़े एसी लगाकर इन्हें वैसा ही तापमान मुहैया कराया गया है। चंडीगढ़ बर्ड पार्क में भी इसी तरह इन्हें लाकर रखा जाएगा। इनके लिए विशेष एक्वेरियम होगा। इससे बर्ड पार्क की खूबसूरती और आकर्षण बढ़ेगा।

    एवियेरी बढ़ाने की तैयारी

    अभी बर्ड पार्क में चार अलग-अलग एवियेरी है। इसमें एक्वेटिक बर्ड एवियेरी में पानी और जमीन पर रहने वाले बर्डस रखे गए हैं। इसके साथ ही एडवेंचर के लिए लकड़ी और शीशे के पुल भी बने हैं। वहीं दूसरी ओर टरेस्ट्रियल एवियेरी में अलग तरह के पक्षी हैं। वहीं दो छोटी एवियेरी हैं इनमें छोटे आकार के पक्षी मौजूद हैं। पार्क में पक्षियों के घोंसले से लेकर रहने की सभी जरूरतों का खास ध्यान रखा गया है। नए पक्षी आने के बाद उनके लिए अलग से एवियेरी बनाई जा सकती है।

    फास्कोन का किया गठन

    फारेस्ट सोसायटी फार कंजर्वेशन (फास्कोन) का गठन किया गया है। यह सोसायटी पर्यावरण संरक्षण का काम करेगी। बर्ड पार्क मैनेजमेंट भी इसके पास ही रहेगा। यही सोसायटी कोई भी कांट्रेक्ट साइन करेगी। फारेस्ट एंड वाइल्ड लाइफ डिपार्टमेंट के अधिकारी ही इस सोसायटी का काम देखेंगे।

    मिनी आडिटोरियम भी होगा

    बर्ड पार्क में ही एक मिनी आडिटोरियम भी बनाया जाएगा। इसकी प्लानिंग फारेस्ट एंड वाइल्डलाइफ डिपार्टमेंट ने शुरू कर दी है। यह मिनी आडिटोरियम बर्ड पार्क के एंट्रेंस पर होगा। ओपन एयर जिम के आगे बर्ड पार्क के ट्रैक पर बाई साइड वाटर बाडी के पास यह आडिटोरियम बनाया जाएगा। हालांकि इसका आकार काफी छोटा होगा। इसको बनाया भी इस तरह से जाएगा, ताकि ईको सेंसटिव जोन में बड़ी कंस्ट्रक्शन न करनी पड़े। इसका स्ट्रक्चर नेचर फ्रेंडली होगा। यह मिनी आडिटोरियम नेचर इंटरप्रिटेटर सेंटर भी होगा। जहां सुखना वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरी, लेक और फारेस्ट की सभी जानकारी होगी। युवाओं को आडियो विजुअल इफेक्ट्स के जरिए चीजें समझने में आसानी होगी।

    यह बर्ड्स खरीदे जा रहे

         एग्जाटिक बर्ड्स           संख्या

    • आउस्टरिच                 06
    • ईमू                           06
    • क्रेस्टेड क्रेन                04
    • सिल्वर पीसेंट             06
    • जीनिया फाउल          06
    • ब्लैक नेक व्हाइट स्वान 02
    • अंबरेला कोकेटो         02
    • रेनबो लोरीकीट          20
    • ड्यूकार्प्स कोकेटो       06
    • व्हाइट स्वान              02
    • ब्लैक स्वान               04
    • गोल्डन पीसेंट            06

    5 दिन खुलता है बर्ड पार्क

    बर्ड पार्क सप्ताह में 5 दिन लोगों के लिए खुला रहता है। सोमवार और मंगलवार को बर्ड पार्क बंद रहता है। बुधवार से रविवार तक सुबह 10 से शाम 6 बजे तक बर्ड पार्क में पर्यटकों को एंट्री दी जाती है। बर्ड पार्क की एंट्री टिकट 50 रुपये रखी गई है। वहीं 5 से 12 साल तक के बच्चों के लिए 30 रुपये लगेंगे। विदेशी पर्यटकों के लिए 100 रुपये एंट्री टिकट है। पालतू पक्षियों के सेक्शन में जाने के लिए 100 रुपये टिकट और विदेशियों के लिए 500 रुपये देने होंगे।