डेराबस्सी MLA कुलजीत रंधावा के पीए पर पुलिस से एक लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप, पार्टी कार्यकर्ता ने CM को दी शिकायत
डेराबस्सी के आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक कुलजीत रंधावा के पीए नितिन लूथरा पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। यह आरोप उनकी ही पार्टी के कार्यकर्ता विक्रम धवन ने लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी शिकायत दी है।

जागरण संवाददाता, जीरकपुर। डेराबस्सी के आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक कुलजीत रंधावा के पीए नितिन लूथरा पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। यह आरोप उनकी ही पार्टी के कार्यकर्ता विक्रम धवन ने लगाया है। आरोप है कि एमएलए रंधावा के पीए नितिन लूथरा ने विधायक के नाम पर जीरकपुर के बलटाना चौकी इंचार्ज बरमा सिंह से एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी है। हालांकि अब बरमा सिंह को बलटाना चौकी इंचार्ज से बदलकर जीरकपुर थाने में लगा दिया गया है और उनकी जगह बलटाना चौकी का चार्ज मंदीप सिंह को दिया गया है।
विक्रम धवन ने इस संबंध में मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा जारी किए गए एंटी क्रप्शन हेल्पलाइन नंबर (9501200200) पर विधायक रंधावा व उसके पीए नितिन लूथरा के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। विक्रम धवन की यह शिकायत नंबर (2 एमजेएम 29) रजिस्टर्ड कर ली गई है। इससे पहले भी आम आदमी पार्टी के विधायक और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला पर भी रिश्वत लेने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। सिंगला इन दिनों जमानत पर हैं।
शिकायकर्ता विक्रम धवन बलटाना स्थित वार्ड नंबर-4 से आम आदमी पार्टी के इंचार्ज हैं। विक्रम ने कहा कि जब बरमा सिंह बलटाना चौकी इंचार्ज थे तो उनका एक मामला थाने में विचाराधीन था। इस बीच बरमा सिंह को अचानक चौकी इंचार्ज से हटाकर जीरकपुर थाने में लगा दिया गया। इस बाबत विक्रम धवन ने बरमा सिंह को अपने केस का स्टेटस जानने के लिए उनसे फोन पर संपर्क किया। विक्रम के अनुसार संपर्क करने पर चौकी इंचार्ज बरमा सिंह ने उसे कहा कि उससे विधायक कुलजीत रंधावा के पीए नितिन लूथरा ने एक लाख रुपये मांगे थे, जब उसने नहीं दिए तो उसका तबादला करवा दिया गया। इस बातचीत को विक्रम धवन ने रिकार्ड कर लिया। इसके बाद उन्होंने एंटी क्रप्शन नंबर पर शिकायत और यह रिकार्डिंग सुबूत के तौर पर भेज दी।
विक्रम धवन का दावा है कि उसके पास इस आरोप से संबंधित अन्य दस्तावेज भी हैं जो वह समय आने पर दिखाएंगे। यह आडियो रिकार्डिग दैनिक जागरण के पास भी है।
डेराबस्सी विधायक कुलजीत रंधावा से जब इस बारे बात की गई तो उन्होंने कहा कि विक्रम धवन का दिमागी संतुलन ठीक नहीं है। वह पहले भी सीएम विंडो पर ऐसी बेबुनियाद शिकायतें डालता रहता है। वह हमारी पार्टी का ही कार्यकर्ता है, लेकिन वह ऐसी हरकतें करता रहता है। जहां तक आरोप की बात है यह सरासर झूठ है। किसी ने भी बरमा सिंह से पैसे नहीं मांगे।
वहीं विधायक के पीए नितिन लूथरा ने कहा कि विक्रम धवन ने जो शिकायत दी है वह झूठी है। अगर उसने यह शिकायत दी है और उसके पास अगर कोई प्रूफ है तो वह उसे दिखाए। अगर उसने शिकायत की है तो मैं भी हायर अथारिटी में उसके खिलाफ शिकायत करूंगा। आरोप कोई भी किसी पर भी लगा सकता है। अगर उसकी शिकायत होगी तो अपना दिमागी संतुलन ठीक ना होने का बहाना बना देता है।
वहीं पूर्व बलटाना चौकी इंजार्ज बरमा सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मेरी तबियत ठीक नहीं है। मुझे बुखार है। मैं अभी बात नहीं कर पाऊंगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।