Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नवजोत सिंह सिद्धू ने अब पूर्व हाकी कप्‍तान परगट सिंह काे नियुक्‍त किया पंजाब कांग्रेस का महासचिव

    By Sunil Kumar JhaEdited By:
    Updated: Mon, 16 Aug 2021 04:49 PM (IST)

    Punjab Congress पंजाब कांग्रेस के अध्‍यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अब जालंधर से विधायक और भारतीय हाकी टीम के पूर्व कप्‍तान परगट सिंह काे पंजाब कांग्रेस क ...और पढ़ें

    Hero Image
    पंजाब कांग्रेस अध्‍यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के साथ परगट सिंह। (फाइल फोटो)

    चंडीगढ़ , जेएनएन/ एएनआइ। Punjab Congress: पंजाब कांग्रेस के अध्‍यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने जालंधर से विधायक और भारतीय हाकी टीम के पूर्व कप्‍तान परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का महासचिव नियुक्‍त किया है। सिद्धू ने इस सबंध में ट्वीट जारी कर जानकारी दी है। परगट सिंह को नवजोत सिंह सिद्धू का करीबी माना जाता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बता दें कि इससे पहले नवजाेत सिंह सिद्धू ने अपने चार सलाहकार नियुक्‍त किए थे। हालांकि उनमें से एक पूर्व डीजीपी मोहम्‍मद मुस्‍तफा ने सिद्धू का आफर ठुकरा दिया था और उनका सलाहकार बनने से इन्‍कार कर दिया था। परगट सिंह को महासचिव नियुक्‍त कर सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस में बड़ा संकेत दिया है और साफ कर दिया है कि संगठन में अब उनकी ही चलेगी।

    नवजोत सिंह सिद्धू ने सोमवार सुबह ट्वीट कर परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का महासचिव (संगठन) नियुक्‍त किए जाने की जानकारी दी। इस संबंध में जारी पत्र उन्‍होंने ट्वीट किया। पत्र में कहा गया है, ' कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल और पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत की स्‍वीकृति के बाद मैंने परगट सिंह को तुरंत प्रभाव से पंजाब कांग्रेस कमेटी का महासचिव (संगठन) नियुक्‍त किया है। '

    सियासत में परगट सिंह और नवजाेत सिंह सिद्धू साथ रहे हैं। सिद्धू ने 2017 में भारतीय जनता पार्टी छाेड़ने के बाद परगट सिंह और बैंस ब्रदर्स के साथ मिलकर मोर्चा बनाया था। इसके बाद दाेनों के साथ ही आम आदमी पार्टी में शामिल होेने की चर्चाएं चली थीं। बाद में दोनों कांग्रेस में शामिल हो गए थे। पहले परगट सिंह ने नवजोत सिंह सिद्धू की पत्‍नी डा. नवजोत कौर सिद्धू के साथ कांग्रेस की सदस्‍यता ली थी औरबाद में नवजोत सिंह सिद्धू कांग्रेस में शामिल हुए थे।

    परगट सिंह लगातार मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह पर निशाना साधते रहे हैं और एक के बाद एक मुद्दे उठाते रहे हैं। कैप्‍टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के विवाद में भी वह हमेशा सिद्धू के साथ खड़े रहे व उनका खुलकर समर्थन करते रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा था कि पंजाब कांग्रेस अध्‍यक्ष बनने के बाद सिद्धू हर हालात में परगट सिंह को अहम जिम्‍मेदारी देंगे।

    एक विधायक के रूप में परगट का यह दूसरा कार्यकाल है। परगट सिंह अकाली दल छोड़ कर कांग्रेस आए थे। परगट सिंह कांग्रेस में कैप्टन संदीप संधू का कामकाज देंखेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के राजनीतिक सलाहकार कैप्टन संदीप संधू आफिस इंचार्ज की जिम्मेदारी निभा रहे थे।