"नमो रन मैराथन" चडीगढ़ क्लब से सुखना लेक तक दौड़े 5000 प्रतिभागी, फिट इंडिया-हिट इंडिया का दिया संदेश
चंडीगढ़ में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा नमो रन मैराथन का आयोजन किया गया। चंडीगढ़ क्लब से सुखना लेक तक बच्चों युवाओं महिलाओं और बुजुर्गों ने दौड़ लगाकर फिट इंडिया-हिट इंडिया का संदेश दिया। लगभग पांच हजार से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू और बबीता फोगाट ने युवाओं के जोश और देशप्रेम की भावना की सराहना की।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। बच्चों, युवाओं, महिलाएं और बुजुर्गों ने चंडीगढ़ क्लब से लेकर सुखना लेक तक दौड़ लगा "फिट इंडिया-हिट इंडिया" का संदेश दिया। मौका था प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपउलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा चंडीगढ़ की ओर कराई गई भव्य "नमो रन मैराथन" का। उत्साह और ऊर्जा के साथ भारत माता के जयघोष के साथ लगभग पांच हजार से अधिक प्रतिभागियों ने इस मैराथन में हिस्सा लिया।
आयोजन की संयोजक प्रिया पासवान तथा युवा मोर्चा की पूरी टीम ने प्रतिभागियों के लिए मार्ग पर पानी, प्राथमिक उपचार और मार्गदर्शन की व्यवस्था की। सुखना लेक पर समापन के समय सभी प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट ऑफ पार्टिसिपेशन प्रदान किए गए।
इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य सतनाम सिंह संधू, भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी व कार्यक्रम की ब्रांड अंबेसडर बबीता फोगाट तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने युवाओं के जोश और देशप्रेम की भावना की सराहना की। बबीता फोगाट ने कहा कि खेल और फिटनेस जीवन का आधार हैं। इस तरह के आयोजन स्वास्थ्य और अनुशासन को बढ़ावा देते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि नमो रन युवाओं को प्रधानमंत्री मोदी के विचारों से प्रेरणा लेने का संदेश देती है। राज्यसभा सदस्य सतनाम सिंह संधू ने इसे चंडीगढ़ की ऐतिहासिक भागीदारी करार दिया। संजय टंडन ने कहा कि मोदी हमेशा युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण की धुरी मानते हैं और यह आयोजन उसका साक्षात उदाहरण है। नमो रन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सशक्त, स्वस्थ और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प साबित हुआ।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।