डड्डूमाजरा में डंपिंग ग्राउंड को लेकर भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नोकझोंक
डड्डूमाजरा में डंपिंग ग्राउंड को लेकर शनिवार को भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक हो गई। इस दौरान जब धक्कामुक्की बढ़ गई तो मौजूद पुलिस बल ने दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को समझाइश कर शांत किया। जानकारी के अनुसार नगर निगम चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी का प्रचार करने कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला शनिवार को चंडीगढ़ पहुंचे।

-डंपिंग ग्राउंड के बाहर पत्रकार वार्ता करने आए थे सुरजेवाला व पूर्व सांसद पवन कुमार बंसल
-भाजपा कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों ने कांग्रेस का प्रचार करने आए नेताओं को दिखाए काले झडे
---------------------------
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : डड्डूमाजरा में डंपिंग ग्राउंड को लेकर शनिवार को भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक हो गई। इस दौरान जब धक्कामुक्की बढ़ गई तो मौजूद पुलिस बल ने दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को समझाइश कर शांत किया। जानकारी के अनुसार नगर निगम चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी का प्रचार करने कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला शनिवार को चंडीगढ़ पहुंचे।
सूरजेवाला ने सेक्टर-38 स्थित डड्डूमाजरा स्थित डंपिंग ग्राउंड के बाहर पत्रकार वार्ता रखी। लेकिन इससे पहले ही डड्डूमाजरा और धनास को जोड़ने वाले पुल के पास भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उनका विरोध करने के लिए एकत्रित हो गए। सुरजेवाला के साथ पूर्व सांसद पवन कुमार बंसल और चंडीगढ़ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुभाष चावला भी थे। जैसे ही काफिले ने सड़क पर एंट्री की तो लोगों ने उनका काले झंडे दिखाकर विरोध किया। लोगों का आरोप है कि कांग्रेस की वजह से यह कूड़े का पहाड़ बना है, आज वही कांग्रेस पार्टी इसे खत्म करने की बात कर रही है। सुरजेवाला के कार्यक्रम के दौरान ही दोनों पक्षों के बीच जमकर नारेबाजी हुई। मामला यहां तक बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच खींचतान हो गई, इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं को मामूली खरोंचें भी लगी।
भाजपा के शासनकाल में बना कूड़े का ढेर : सुरजेवाला
पत्रकार वार्ता के दौरान सुरजेवाला ने भाजपा पर आरोप लगाया कि छह साल में भाजपा के राज में डड्डूमाजरा में कूड़े का पहाड़ बना है। भाजपा की कथनी और करनी में बहुत फर्क है। उन्होंने यहां की जनता के साथ धोखा किया है। सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में चंडीगढ़ जनता के सर पर टैक्स का अतिरिक्त बोझ डाला है। निगम में भाजपा के राज में केवल भ्रष्टाचार ही हुआ और हो रहा है। सुरजेवाला ने अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार को पांच साल हो गए है और इन पांच साल में वहां पर कूड़े का पहाड़ कम नहीं हुआ। ऐसे में आप के डंपिंग ग्राउंड हटाने का वादा सिर्फ लोगों को मूर्ख बनाने के लिए है।
निगम चुनाव में डंपिग ग्राउंड बना बड़ा मुद्दा
इस बार हो रहे निगम चुनाव में डंपिग ग्राउंड बड़ा और सबसे मुख्य मुद्दा बना हुआ है। हर राजनीतिक दलों ने अपने-अपने घोषणापत्र में डंपिंग ग्राउंड को हटाने की बात कही है। वहीं भाजपा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है, वहीं आम आदमी पार्टी भाजपा और कांग्रेस को कटघरे में खड़ा कर रही है। ऐसे में डड्डूमाजरा से चुनाव मैदान में उतरे सभी राजनीतिक दलों के प्रत्याशी डड्डूमाजरा की जनता को लुभाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।