विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Men's Asian Champions Trophy 2026: मोहाली में 4 और 5 नवंबर को खेले जाएंगे सेमीफाइनल और फाइनल

By Dr. Sumit Singh SheoranEdited By: Anuj Sharma
Published: Wed, 14 Oct 2026 12:16 PM (IST)

पंजाब में करीब 40 साल बाद अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है। 4 नवंबर को सेमीफाइनल और 5 ...और पढ़ें

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।

HighLights

  1. पंजाब में 40 साल बाद अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन।

  2. जालंधर में शुरुआती मुकाबले, मोहाली में सेमीफाइनल-फाइनल।

  3. भारतीय टीम खिताब बचाने उतरेगी, दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क।

डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय हॉकी का रोमांच देखने को मिलेगा। पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी प्रतियोगिता का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। करीब 40 साल बाद पंजाब को इतने बड़े हॉकी टूर्नामेंट की आयोजन का मौका मिला है।

27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक होने वाली इस चैंपियनशिप के शुरुआती चरण के सभी मुकाबले जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे, जबकि चार और पांच नवंबर को मोहाली में खिताब के लिए निर्णायक जंग होगी।

इन दोनों दिनों में चार मुकाबले खेले जाएंगे। चार नवंबर को दोनों सेमीफाइनल होंगे, जबकि पांच नवंबर को कांस्य पदक और खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।

यह भी पढ़ें- पाकिस्तान के हटने के बाद भी हॉकी का उत्साह बरकरार, मोहाली में सजेगा चैंपियंस ट्रॉफी का मंच; फ्री में देख सकेंगे मैच

जालंधर में भारत के पांच मुकाबले

प्रतियोगिता में भारत, बांग्लादेश, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया और मलेशिया की टीमें हिस्सा लेंगी। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत बांग्लादेश के खिलाफ करेगी। लीग चरण में भारतीय टीम के पांच मुकाबले होंगे और ये सभी शाम सात बजे से खेले जाएंगे। अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी।

पाकिस्तान इस प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेगा। पाकिस्तान की ओर से अपने मुकाबले किसी तटस्थ स्थान पर कराने की मांग की गई थी, लेकिन इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया। इसके बाद पाकिस्तान ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया।

4 नवंबर को सेमीफाइनल, 5 को फाइनल

प्रतियोगिता के सबसे अहम मुकाबले मोहाली में खेले जाएंगे। चार नवंबर को पहला सेमीफाइनल शाम 4:30 बजे और दूसरा सेमीफाइनल शाम सात बजे शुरू होगा। इसके अगले दिन पांच नवंबर को कांस्य पदक के लिए मुकाबला शाम 4:30 बजे खेला जाएगा, जबकि फाइनल शाम सात बजे शुरू होगा। इन मुकाबलों के साथ ही चैंपियनशिप के विजेता का फैसला होगा।

यह भी पढ़ें- एशिया कप के सितारे अभिषेक और अर्शदीप ने किया पंजाब का नाम रोशन, अब PCA करेगा सम्मानित

खिताब बचाने उतरेगी भारतीय टीम

एशियाई खेलों में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय हॉकी टीम इस प्रतियोगिता में उतरेगी। पांच बार की चैंपियन भारतीय टीम की नजर एक बार फिर खिताब अपने नाम करने पर होगी। टीम की कप्तानी हरमनप्रीत सिंह करेंगे। भारतीय टीम अपने घरेलू मैदान पर बेहतर प्रदर्शन कर खिताब बरकरार रखने के इरादे से खेलेगी।

दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क

इस चैंपियनशिप को देखने के लिए दर्शकों को टिकट नहीं खरीदना होगा। प्रतियोगिता में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कुछ दिन पहले जालंधर में हॉकी चैंपियनशिप की तैयारियों का जायजा लेने के दौरान दर्शकों के लिए निशुल्क प्रवेश की घोषणा की थी। इससे हॉकी प्रेमियों को बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर भारतीय टीम का उत्साह बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

यह भी पढ़ें- Asian Games 2026: बंदूक थामी, निशाना साधा; होशियारपुर के नीरज ने एशियन गेम्स में शूटिंग में जीता रजत