पाकिस्तान के हटने के बाद भी हॉकी का उत्साह बरकरार, मोहाली में सजेगा चैंपियंस ट्रॉफी का मंच; फ्री में देख सकेंगे मैच
पंजाब में 27 अक्टूबर से एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन जालंधर और मोहाली में होगा, जिसमें पाकिस्तान के हटने के बावजूद खेल प्रेमियों में उत्साह बरकरार है।
-1791614148172_m.webp)
27 अक्टूबर को जालंधर में होगा उद्घाटन।
HighLights
एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 27 अक्टूबर से पंजाब में शुरू
जालंधर-मोहाली में होंगे मुकाबले, दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क
पाकिस्तान के हटने पर बांग्लादेश टीम टूर्नामेंट में शामिल
डॉ सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर पंजाब में तैयारियां तेज हो गई हैं। 27 अक्टूबर से शुरू होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले को लेकर हॉकी प्रेमियों में खास उत्साह था, लेकिन पाकिस्तान की टीम के टूर्नामेंट से हटने के बाद इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले की संभावना खत्म हो गई है।
पाकिस्तान की ओर से भारत में खेलने के बजाय किसी तटस्थ स्थान पर मुकाबले कराने की मांग की गई थी। अब टूर्नामेंट में पाकिस्तान की जगह बांग्लादेश की टीम हिस्सा लेगी। पाकिस्तान की गैरमौजूदगी के बावजूद भारतीय टीम को देखने और अंतरराष्ट्रीय हॉकी का रोमांच महसूस करने के लिए पंजाब के खेल प्रेमियों में उत्साह बना हुआ है।
खास बात यह है कि टूर्नामेंट का आयोजन जालंधर और मोहाली में होगा। जालंधर में 27 अक्टूबर को उद्घाटन समारोह के साथ पहले चरण के सभी मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि दूसरे चरण के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले मोहाली में होंगे। टूर्नामेंट पांच नवंबर तक चलेगा।
एशिया कप में भारत की जीत से बढ़ा उत्साह
भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी मुकाबलों का अपना अलग आकर्षण रहा है। दोनों देशों की टीमों के मैच देखने के लिए दर्शकों में हमेशा विशेष उत्सुकता रहती है। हाल ही में एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को हराया था।
इसके बाद भारतीय टीम ने फाइनल में मलेशिया को पराजित कर खिताब भी अपने नाम किया था। ऐसे में चैंपियंस ट्रॉफी में भारत-पाकिस्तान के संभावित मुकाबले को लेकर भी दर्शकों की निगाहें थीं। पाकिस्तान के हटने से इस मुकाबले का आकर्षण जरूर समाप्त हुआ है, लेकिन भारत सहित छह देशों की टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों को लेकर उत्सुकता बरकरार है।
टूर्नामेंट में भारत, चीन, मलेशिया, जापान, बांग्लादेश और दक्षिण कोरिया की टीमें हिस्सा लेंगी। पंजाब सरकार आयोजन को यादगार बनाने के लिए खेल सुविधाओं के साथ शहरों की साफ-सफाई, यातायात, सुरक्षा और खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था पर भी ध्यान दे रही है।
जालंधर और मोहाली में बदलेगी शहरों की तस्वीर
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो। जालंधर और मोहाली में विशेष सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं।
स्टेडियम तक पहुंचने वाली सड़कों की मरम्मत, सार्वजनिक स्थानों के रखरखाव और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
सरकार की योजना स्कूलों और कालेजों के विद्यार्थियों को भी मुकाबले दिखाने की है, ताकि युवा पीढ़ी हॉकी से जुड़े और पंजाब की खेल विरासत को करीब से जान सके। ट्रॉफी टूर के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भी इस आयोजन का प्रचार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री की अपील, मुफ्त देख सकेंगे मुकाबले
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब के लोगों से इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। करीब चार दशक बाद पंजाब को इस स्तर के बड़े अंतरराष्ट्रीय हॉकी आयोजन की मेजबानी का अवसर मिलने के मद्देनजर सरकार इसे यादगार बनाना चाहती है।
सरकार ने दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रखने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जालंधर और मोहाली में साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा, यातायात और दर्शकों की सुविधाओं तक सभी इंतजाम समय पर पूरे किए जाएं।
बाहर से आने वाले खिलाड़ियों और प्रतिनिधिमंडलों की मेहमाननवाजी में पंजाब की संस्कृति की झलक दिखाई जाएगी। मेहमानों के लिए पंजाबी खानपान, जिसमें मक्की की रोटी और सरसों का साग जैसे पारंपरिक व्यंजन शामिल हैं, तथा प्रदेश की सांस्कृतिक परंपराओं को विशेष रूप से प्रस्तुत करने की योजना है।
सरकार का उद्देश्य इस आयोजन को सफल बनाकर पंजाब को भविष्य में भी बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए तैयार करना और प्रदेश की हॉकी पहचान को मजबूत करना है।
यह भी पढ़ें- हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पंजाब में होंगे विश्वस्तरीय इंतजाम, 27 अक्टूबर को जालंधर में उद्घाटन
