बाढ़ में मारे गए लोगों के स्वजन को नौकरी देगी एलपीयू, चांसलर अशोक मित्तल ने किया एलान
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल ने पंजाब बाढ़ में जान गंवाने वाले 43 व्यक्तियों के परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की है। इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री राहत फंड में 20 लाख रुपये का योगदान दिया था। मित्तल ने पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के चांसलर अशोक मित्तल ने पंजाब में आई विनाशकारी बाढ़ में जान गंवाने वाले 43 व्यक्तियों के परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की है।
इससे पहले, अशोक मित्तल ने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए मुख्यमंत्री राहत फंड में 20 लाख रुपये का योगदान दिया था। शुक्रवार को प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान अशोक मित्तल ने इसे दशकों में पंजाब में आई सबसे भयानक आपदाओं में से एक बताया।
मित्तल ने 43 पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए, उन्हें 'इस आपदा के बलिदानी' बताया और उनके परिवारों को आश्वासन दिया कि उन्हें इस दुख की घड़ी में अकेले नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा हम सभी प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क करेंगे, साथ ही मैं यह अपील भी करता हूं कि जिन परिवारों से अभी तक संपर्क नहीं हो सका है, वे स्वयं आगे आएं ताकि उन्हें तत्काल सहायता प्रदान की जा सके।
केजरीवाल ने अशोक मित्तल की पहल को सराहा आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सांसद अशोक मित्तल द्वारा बाढ़ में जान गंवाने वाले 43 व्यक्तियों के परिवार के सदस्य को एलपीयू में नौकरी देने की घोषणा की सराहना की।
केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि आप सांसद अशोक मित्तल जी का यह कदम दिल को छू लेने वाला है। उनके जज़्बे को पूरा पंजाब सलाम करता है। संकट की इस घड़ी में किसी पीड़ित परिवार को रोज़गार देना, उनके टूटे हुए हौसलों को फिर से मजबूत करने जैसा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।