संगरूर में लहरागागा के खंडेबाद में स्थापित होगी नई अनाज मंडी, 27 एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को मिली मंजूरी
पंजाब कैबिनेट ने लहरागागा के खंडेबाद में 27 एकड़ से अधिक भूमि पर नई अनाज मंडी बनाने की मंजूरी दे दी है, जिससे ट्रैफिक और खरीद की समस्या दूर होगी।

कैबिनेट मिनिस्टर बरिंदर गोयल।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब के जल संसाधन मंत्री और लहरागागा से विधायक बरिंदर कुमार गोयल ने घोषणा की कि लहरागागा के निकट गांव खंडेबाद में 217 कनाल 14 मरले यानी 27 एकड़ से अधिक सरकारी भूमि पर नई अनाज मंडी स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब कैबिनेट ने 31 अक्टूबर की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी।
पंजाब भवन में प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान गोयल ने कहा कि लहरागागा की मौजूदा अनाज मंडी धान और गेहूं समेत फसलों की बढ़ती आवक के लिए अपर्याप्त साबित हो रही थी। बीते वर्षों में फसल उत्पादन में काफी वृद्धि हुई है।
यह भी पढ़ें- पंजाब में पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के घर ईडी का छापा, सुबह- सुबह 3 गाड़ियों में पहुंचे अधिकारी
45 साल पहले बनी थी मौजूदा मंडी
उन्होंने बताया कि मौजूदा मंडी करीब 45 साल पहले लगभग 12 एकड़ भूमि पर बनाई गई थी। बाद में इसी जमीन पर काटन यार्ड भी विकसित किया गया। फसलों की लगातार बढ़ती आवक के कारण खरीद और व्यापारिक गतिविधियों के लिए जगह कम पड़ने लगी।
मंत्री ने कहा कि शहर के बीचोंबीच स्थित मंडी के कारण खरीद सीजन में आवाजाही की गंभीर समस्या होती थी। किसान, व्यापारी और आढ़ती लंबे समय से इसका समाधान करने और कृषि उत्पादों की सुचारू खरीद के लिए नई मंडी की मांग कर रहे थे।
यह भी पढ़ें- पंजाब स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, डॉ. अनिल गोयल को निदेशक का मिला अतिरिक्त प्रभार
गांव लहल खुर्द से निकलेगा मंडी का रास्ता
सरकार ने खंडेबाद में अपनी 217 कनाल 14 मरले भूमि पर नई मंडी विकसित करने की मंजूरी दी है। मंडी तक पहुंचने का रास्ता गांव लहल खुर्द की भूमि से बनाया जाएगा।
गोयल ने कहा कि नई मंडी से किसानों, व्यापारियों और आढ़तियों को राहत मिलेगी तथा लहरागागा शहर में ट्रैफिक समस्या से निजात मिलेगी। यह मंडी पूरे इलाके की कृषि और व्यापारिक जरूरतों को पूरा करने में भी सहायक होगी।
उन्होंने प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और कैबिनेट का आभार जताया। कहा कि फैसला लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी करने के साथ कृषि उत्पादों की मंडीकरण प्रक्रिया को सुचारू बनाएगा।