Women's safety के लिए पंजाब सरकार का अहम फैसला, रात को मुफ्त में Police छोड़ेगी सुरक्षित घर
Womens safety के प्रति पंजाब सरकार गंभीर है। सरकार ने रात 9 बजे से सुबह 6 बजे महिलाओं को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए फ्री सुविधा देनेे की घोषणा की है।
जेएनएन, चंडीगढ़। Womens safety: महिलाओं की सुरक्षा के लिए पंजाब सरकार ने अहम कदम उठाया है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने महिलाओं को सुरक्षित रूप से घर छोड़ने के लिए मुफ्त पुलिस सहायता की घोषणा की है। पुलिस यह सेवा रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक देगी।
राज्यव्यापी यह सुविधा डायल 100, 112 और 181 पर उपलब्ध होगी। इसके माध्यम से महिला कॉलर तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) से जुड़ जाएगी। मुख्यमंत्री ने DGP दिनकर गुप्ता को निर्देश दिया है कि वे राज्यभर में इस सुविधा को लागू करना सुनिश्चित करें।
पिकअप और ड्रॉप की सुविधा उन महिलाओं को उपलब्ध होगी, जिनके पास सुरक्षित वाहन नहीं है। सुरक्षित वाहनों में टैक्सी या 3-व्हीलर शामिल हैं। महिला कॉलर को संपूर्ण सुरक्षा की भावना देने के लिए, मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि परिवहन के दौरान कम से कम एक महिला पुलिस अधिकारी उसके साथ होनी चाहिए।
इस संबंध में डीजीपी ने कहा कि योजना के कार्यान्वयन के लिए समर्पित पीसीआर वाहन, आयुक्तों के साथ-साथ मोहाली, पटियाला और बठिंडा और राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में उपलब्ध कराए जाएंगे। डीएसपी या एसीपी (महिला के खिलाफ अपराध) प्रत्येक जिले में योजना को लागू करने के लिए नोडल अधिकारी होंगे। उनके नंबर पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस की वेबसाइटों पर उपलब्ध होंगे। एडीजीपी क्राइम गुरप्रीत देव सुविधा के लिए राज्य नोडल अधिकारी होंगे।
बता दें, तेलंगाना में पशु चिकित्सक से सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या करने के मामले के बाद देशभर में एक बार फिर महिला सुरक्षा को लेकर बहस छिड़ गई है। राज्य सरकार का मकसद पंजाब में महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करना है। पंजाब सरकार राज्य में महिलाओं को सुरक्षित माहौल देना चाहती है। राज्य केे बड़ेे शहरों लुधियाना, मोहाली, पटियाला, अमृतसर, जालंधर, बठिंडा आदि में बड़ी संख्या में उद्योगों में रात को महिलाएं काम करती है। पंजाब सरकार की इस सुविधा से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करेें