पंजाब के मोहाली में आक्सीजन प्लांट में जोरदार धमाका, हादसे में दो लोगों की मौत और तीन घायल
मोहाली के औद्योगिक क्षेत्र फेज-9 में एक फैक्ट्री में आक्सीजन सिलेंडर में धमाका होने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान आसिफ खान और देवेंद्र कुमार के रूप में हुई है जबकि तीन लोग घायल हो गए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं।

जागरण संवाददाता, मोहाली। मोहाली औद्योगिक क्षेत्र के फेज- 9 की एक फैक्ट्री में आक्सीजन गैस के सिलेंडर में बुधवार सुबह अचानक तेज धमाका हो गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोहाली निवासी आसिफ खान और देवेंद्र कुमार के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 24 से 25 साल के बीच थी। इस हादसे में तीन लोग घायल भी हुए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा आज सुबह करीब 10 बजे उस समय हुआ, जब कर्मचारी फैक्ट्री में काम कर रहे थे। सिलेंडरों को ट्रक में लोड किया जा रहा था। तभी जोरधार धमाका हुआ और फैक्ट्री की छत को नुकसान पहुंचा और आसपास बनी इमारतों की दीवारें हिल गई। आसपास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले लोग सहम गए। जिस सिलेंडर में धमाका हुआ उसके टुकड़े भी एक किलोमीटर दूर तक मिले। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया है यह फैक्ट्री करीब 30 वर्ष से चल रही है।
हादसे का कारण स्पष्ट नहीं
एसएसपी हरमदीप सिंह हंस ने बताया कि घायलों को अस्तपाल में भर्ती कराया गया है। हादसे के पीछे की वजह को लेकर जांच जारी है।
इस फैक्ट्री में सिलेंडर में आक्सीजन गैस की रिफिल होती है। जिसके बाद ये सिलेंडर पंजाब के कई अस्पतालों में सप्लाई किए जाते हैं। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।