चंडीगढ़ से चोरी हेरिटेज फर्नीचर पेरिस में 3 करोड़ 93 लाख में नीलाम, पीयू का बुक रेक 40 लाख में बिका
चंडीगढ़ के हेरिटेज फर्नीचर की फ्रांस में नीलामी हुई जिसमें 3 करोड़ 93 लाख रुपये के 16 आइटम बिके। यह फर्नीचर पियरे जेनरे ने डिजाइन किया था और पीजीआई पीयू और हाईकोर्ट से जुड़ा था। हेरिटेज फर्नीचर कमेटी के सदस्य अजय जग्गा ने नीलामी पर नाराजगी जताई और प्रशासन पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। 20 वर्षों में 500 करोड़ से ज्यादा का हेरिटेज फर्नीचर नीलाम हो चुका है।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ के हेरिटेज फर्नीचर को चोरी कर विदेशों में नीलाम करने का सिलसिला जारी है। 18 सितंबर को फ्रांस में पेयसा ऑक्शन हाउस की ओर से कराई गई ऑक्शन में पियरे जेनरे द्वारा डिजाइन फर्नीचर की 16 आइटम 3 करोड़ 93 लाख रुपये में बिकी। इनमें पीजीआई, पंजाब यूनिवर्सिटी, यूटी प्रशासन की कुछ एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग, एमएलए फ्लैट और पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट से जुड़ा फर्नीचर शामिल है। पीजीआई का सिविंग स्टूल 8.13 लाख, तीन स्टूल 23.08 लाख, पीयू का बुक रेक 40 लाख में बिका है। बाकी फर्नीचर भी लाखों में बिका है।
इस मामले में चंडीगढ़ हेरिटिज कंजर्वेशन कमेटी के मेंबर एडवोकेट अजय जग्गा ने पीएमओ और मिनिस्ट्री ऑफ एक्सटरनल अफेयर्स को पत्र लिखकर नीलामी की जानकारी पहले ही देने और फिर भी उसपर एक्शन नहीं लेने पर नाराजगी जाहिर की है। जग्गा के अनुसार नीलामी में चंडीगढ़ का हेरिटेज फर्नीचर काफी ऊंचे दामों पर बिका है।
हेरिटेज फर्नीचर को चंडीगढ़ से चोरी कर विदेशों में ले जाकर बेचा जा रहा है। चंडीगढ़ प्रशासन को भी इस बारे में लगातार जानकारी दिए जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं किया जाना चिंता का विषय है। ऑक्शन रोकने के लिए पेरिस में ज्यूजिशियल पुलिस ऑफिसर को भी पत्र लिखा गया था।
अब तक 500 करोड़ का फर्नीचर बिक चुका
चंडीगढ़ के हेरिटेज फर्नीचर की सबसे बड़ी नीलामी 2023 में हुई थी। सात जून 2023 को फ्रांस में हुई नीलामी में 29 हेरिटेज आइटम चार करोड़ दो लाख में नीलाम हुई थी। 2023 में विदेशों में चार बार हेरिटेज फर्नीचर की नीलामी हुई थी। हर साल औसतन 10 से 15 करोड़ का फर्नीचर विदेशों में अवैध तरीके से नीलाम हो रहा है। बीते 20 वर्षों की बात करें तो 500 करोड़ से अधिक का हेरिटेज फर्नीचर नीलाम हो चुकी है। चंडीगढ़ प्रशासन भी इस मामले में बिल्कुल चुप है।
इस समय हेरिटेज फर्नीचर की 12 हजार से अधिक आइटम
इस समय चंडीगढ़ प्रशासन के पास हेरिटेज फर्नीचर की 12 हजार से अधिक आइटम हैं, जिसे विभिन्न स्थानों पर सुरक्षित रखा गया है। हेरिटेज फर्नीचर की अब जियो टैगिंग भी की गई है। प्रशासन की ओर से हेरिटेज फर्नीचर म्यूजियम बनाने का प्रस्ताव भी पास किया गया था, लेकिन अभी मामला यूटी प्रशासन की फाइलों तक ही सीमित है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।